मंडी ( वी कुमार ): हरियाणा से कांग्रेस के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश भाजपा से पूछा है कि चुनावों में वीरभद्र सिंह के मुकाबले उनका कौन सा पहलवान चुनावी अखाड़े में उतरने वाला है। दीपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को मंडी में युवा कांग्रेस के संकल्प शिविर को संबोधित करने यहां आए हुए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में आजकल रिवाज चल रहा है कि चुनाव किसी के नाम पर लड़ते हैं और बाद में मुख्यमंत्री किसी और को बना देते हैं। उन्होंने हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में भी भाजपा ने ऐसा ही किया है। उन्होंने प्रदेश भाजपा से चुनावों से पहले वीरभद्र सिंह के मुकाबले खड़े होने वाले अपने पहलवान के नाम का ऐलान करने की चुनौती दी है।
वहीं पंजाब से विधायक एवं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदर सिंह बराड़ ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति अर्मायादित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने दोनों की तुलना चोरों के साथ करते हुए कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह को प्रताडि़त करने के लिए केंद्रीय जांच एजैंसियों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आजकल नारा चल रहा है कि ’’ जो राजा से टकराएगा-चूर चूर हो जाएगा’’ और इसी नारे को लेकर नरेंद्र मोदी और अमित शाह घबराए हुए हैं।