हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत बड़ा के दोबडख़ुर्द गांव में सोमवार दोपहर बाद कुछ युवकों की गुंडागर्र्दी के नंगे नाच में एक वृद्ध महिला बुरी तरह से घायल हो गई। शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने गांव की महिला के घर में घुस कर हमला करके महिला व उसके बेटे को बुरी तरह घायल कर दिया। इतना ही नहीं जब यह मां बेटा इलाज के लिए चोड़ू अस्पताल पहुंचे तो युवक ने अपने साथियों सहित एक बार फिर से उन पर हमला कर दिया जिसे अस्पताल के स्टाफ ने बड़ी मुश्किल से बचाया। नादौन अस्पताल में छिपते छिपाते पीडि़त मीरा देवी पत्नी हरी सिंह तथा उसके बेटे गुरदेव सिंह ने अपना उपचार करवाया परंतु महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रैफर कर दिया है। इस हमले में महिला के मुंह के अधिकांश दांत टूट गए हैं। पुलिस बयान में यह आरोप लगाते हुए गुरदेव ने बताया कि आरोपी मुनीष मौंटू पुत्र कुलदीप सिंह ने उसकी माता के शरीर पर कई जगह दांतों से काट कर गहरे जख्म लगाए हैं। महिला ने बताया कि उसके निजी अंगों पर भी आरोपी ने बुरी तरह से दांतों से काटा है।
घटना की जानकारी देते हुए गुरदेव ने बताया कि उन्होंने अपने घर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए ईंटें मंगवाकर घर के पास रखवाई थीं परंतु सोमवार दोपहर बाद मुनीष अचानक उनके घर में आ धमका और डंडे से उसकी मां तथा उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि जब घायल होने के बाद वह निकटवर्ती चोड़ू असपताल में पहुंचे तो वहां एक बार फिर से मुनीष उसके भाई शिशुपाल, अरमान, मनोज तथा उनके अन्य तीन साथियों ने उन पर हमला कर दिया। उसने बताया कि अस्पताल के स्टाफ तथा आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उनकी जान बचाई। इसके बाद जैसे तैसे गुरदेव अपनी घायल मां को लेकर नादौन अस्पताल पहुंचा। जहां से मीरा देवी को टांडा रैफर कर दिया गया।
डा. अंकुर ने बताया कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। अतिरिक्त थानाप्रभारी नादौन राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ कर अन्य आरोपियों की तालाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायलों का मैडीकल करवाकर मामला दर्ज कर लिया गया है।