कुल्लू (नीना गौतम): पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा है कि यदि मुझे उप राष्ट्रपति पद का न्यौता आता है तो निश्चित तौर पर विचार करूंगा। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में भाजपा की सरकार का सपना देखता था, जो पूरा हो चुका है। लिहाजा उप राष्ट्रपति बनता हूं या नहीं, यह बात जीवन में अब खास मायने नहीं रखती है।
पत्रकारों से बातचीत में शांता कुमार ने कहा कि प्रदेश में मौजूद ऐसी निकम्मी सरकार कभी नहीं देखी। विकास कार्य बुरी तरह से ठप हैं ओर होंगे भी कैसे क्योंकि सरकार खुद जमानत पर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज तक के इतिहास में कांग्रेस को इतने बुरे हालात से नहीं गुजरना पड़ा। प्रदेश में भाजपा किसे मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजैक्ट करती है, यह पार्टी तय करेगी। इसमें व्यक्तिगत कुछ नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा कि आज देश में नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। शांता कुमार ने कहा कि भाजपा की देश में प्रचंड लहर है। हिमाचल के विधानसभा चुनाव में अभूतपूर्व रिकॉर्ड कायम होगा।