शिमला (एमबीएम न्यूज़) : महापौर तथा उपमहापौर कुर्सी पर बैठने से पूर्व नगर निगम परिसर में एक यज्ञ हवन करेंगे और दोनों कुर्सियों पर गंगाजल छिड़ककर उनका शुद्विकरण किया जाएगा।
यद्यपि महापौर और उपमहापौर का चुनाव 20 जून को संपन्न हो गया था, लेकिन पद संभालने के लिए शुभ दिन का इंतजार था, जो अब कल 27 जून प्रातः 11 बजे निकला है। शिमला की प्रथम नागरिक कुसुम सदरेट तथा उपमहापौर राकेश कुमार कल गाजे बाजे के साथ अन्य भाजपा पार्षदों सहित उपायुक्त कार्यालय परिसर में प्रवेश करेंगे और अपना-अपना पद ग्रहण करेंगे, जो भाजपा के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा, क्योंकि भाजपा तीन दशकों बाद देश की सबसे प्राचीन नगर निगम पर काबिज होगी।
नवनिर्वाचित महापौर तथा उपमहापौर शहर को जलापूर्ति में सुधार लाने के लक्ष्य को लेकर कल पदभार संभालने से पहले सभी पार्षदों सहित अपने-अपने वार्डों में प्रातः आठ बजे से दस बजे तक सफाई अभियान में भाग लेंगे। सभी भाजपा पार्षदों के वार्डों में पार्टी ने अपने पदाधिकारियों को तैनात किया है, जिनकी देखरेख में सफाई अभियान संपन्न होगा।
भाजपा शासित नगर निगम तथा नए महापौर-उपमहापौर का उत्तरदायित्व शिमला नगर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बाद और भी बढ़ गया है। कल मंगलवार को पद संभालने के बाद महापौर व उपमहापौर और उनके पार्षद शिमला शहर के प्रमुख जलस्त्रोत गिरी जलापूर्ति योजना का निरीक्षण करने जाएंगे तथा अधिकारियों के साथ जलापूर्ति में सुधार लाने के लिए उठाए जा सकने वाले उपायों पर चर्चा करेंगे।