उमेश ललित/ धर्मपुर(मंडी) : उपमंडल मुख्यालय में पीली बत्ती लगा कर घूम रहा वाहन चर्चा का विषय बना हुआ है। गत एक माह से चल रहे इस वाहन पर
एंबुलेंस लिखा गया है और ऊपर पीली बत्ती लगी हुई है। हालांकि केंद्र सरकार के फैसले को मानते हुए राज्य सरकार ने भी सभी सरकारी वाहनों और मंत्रियों, विधायकों की बत्तियां हटाने केआदेश जारी किए थे। धर्मपुर में भी विधायक महेंद्र सिंह, हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के उपाध्यक्ष चंद्र शेखर और एसडीएम किशोरी लाल ने अपने वाहनों से लाल बत्ती हटा ली थी लेकिन एक वाहन नं एच पी 63-3064 जिस पर साईं ऊर्जा हाइडल प्रोजेक्ट अंकित है, दनादन घूम रहा है।
मजेदार बात यह है कि बत्ती लगे इस वाहन में रोज घरेलू सामान ढोया जाता है। एंबुलेंस बने इस वाहन को एक निजी पाठशाला से संबंधित बताया जा रहा है। इस बारे में स्वास्थ्य, शिक्षा और स्थानीय प्रशासन पल्ला झाड़ चुके हैं कि किसकी अनुमति से यह वाहन बत्ती लगाकर घरेलू सामान ढो रहा है। इस बारे में उच्च शिक्षा उपनिदेशक अशोक शर्मा का कहना है कि धर्मपुर के किसी स्कूल का वाहन एंबुलेंस के लिए पंजीकृत नहीं है, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश राज शर्मा ने ऐसे वाहन के चलाए जाने पर हैरानी जताई है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के नाम पर चल रहे इस वाहन को विभाग ने अनुमति नहीं दी है।