नाहन (एमबीएम न्यूज): भारतीय जनता युवा मोर्चा के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय प्रभारी चेतन बरागटा ने पदाधिकारियों को टिप्स दिए हैं। इस दौरान बरागटा ने भाजयुमो के पदाधिकारियों को उन नुस्खों से अवगत करवाया, जिनके माध्यम से सोशल मीडिया में पार्टी की गतिविधियों व विचारधारा को बखूबी पेश किया जा सकता है।
सर्किट हाऊस में आयोजित बैठक में बरागटा ने कहा कि सोशल मीडिया में बीजेपी के सामने कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने साफ लहजे में यह भी बताया कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका होने जा रही है। इस आधुनिक प्रणाली को बूथ स्तर पर क्रियान्वित किया जाएगा। फेसबुक, टिवटर, व्हाटस एप को चुनाव के दौरान हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह भी बरागटा ने दी है।
अपने संबोधन में बरागटा ने कहा कि देश अब डिजीटल पेमेंट व कैशलैस पद्धति की ओर अग्रसर हो रहा है। बरागटा ने सोशल मीडिया की टीम को सिरमौर में फेसबुक के डेढ़ हजार लाइक्स करवाने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि टिवटर पर कम से कम पांच हजार फॉलोअर होने चाहिए। बरागटा ने पार्टी के पदाधिकारियों को 500 व्हाटस एप ग्रुप बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
बैठक में प्रदेश सोशल मीडिया सह प्रभारी अभिषेक चौधरी, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विक्रम वर्मा, मंडल मीडिया प्रभारी सौरव चौहान, महामंत्री अभिषेक चौहान, गौरव गोयल, राकेश पाहवा, कृष्ण शर्मा, रोहित चौधरी, अविनाश लाम्बा व ईशु खेड़ा इत्यादि मौजूद रहे।