पांवटा साहिब (एमबीएम न्यूज) : सिरमौर भाजपा अध्यक्ष सुखराम चौधरी के अपने ही घर में अंतर्कलह की चिंगारी भडक़ गई है। हालत यह हो ई है कि पार्टी ने नड्डा समर्थक व प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य मदन शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शर्मा से इस बात का जवाब मांगा गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के कार्यक्रमों के दौरान अलग से स्वागत कार्यक्रम क्यों आयोजित हुए।
सनद रहे कि इस बार टिकट हासिल करने के लिए भाजपा मंडल के अध्यक्ष रह चुके मदन शर्मा ने भी एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है। नोटिस जारी करने के फैसले को इस वक्त महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। पार्टी नेता मदन शर्मा को 11 मई तक जवाब देने को कहा गया है। अगर शर्मा को निष्कासित किया जाता है तो उस सूरत मेें चुनाव से पहले पार्टी को नई मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है।
हाल ही में शर्मा की देहरादून में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी बंद कमरे में गुफ्तगू हुई थी। उधर पार्टी के जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी ने साफ लहजे में कहा कि इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष से इस बारे बातचीत की जाएगी। चौधरी ने कहा कि यह अफवाह भी हो सकती है। वहीं भाजपा नेता मदन शर्मा से इस बारे संपर्क नहीं हो पाया, लिहाजा उनकी प्रतिक्रिया आनी बाकी है।