बिलासपुर (अभिषेक मिश्रा) : जिले के घुमारवीं उपमंडल की बकरोआ पंचायत के तहत खुरवाडी गाँव में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आखिरकार जम्मू-कश्मीर राज्य के रहने वाले मजदूर को गिरफ्तार कर लिया है। दो दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे उसके गृह क्षेत्र से काबू करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने इस मामले में पुष्टि कर दी है।
सूत्रों ने बताया मजदूर ने हत्या की बात कबूल कर ली है। आज पुलिस उसे मीडिया के सामने पेश करेगी। सूत्रो ने बताया की डीएसपी घुमारवीं ने इस मामले में पूरी जानकारी प्रेस कांफ्रेंस में देने के लिए कहा है। वहीं हत्यारे को किसी दूसरे राज्य से दबोच कर घुमारवीं पुलिस ने सराहनीय काम किया है। क्षेत्र का हर व्यक्ति इस दरिंदगी भरे कृत्य का अंजाम देने वाले हत्यारे के बारे में जानने का इच्छुक है। संभावना है कि पुलिस आज इसे मीडिया के समक्ष पेश करके हत्या के कारणों का खुलासा करे।
ज्ञात रहे कि 85 साल की वृद्ध महिला का शव उसके ही घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। एक मई की रात को हुए इस मर्डर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। गंगा देवी पत्नी प्रभु राम अपने घर पर अकेली ही रहती थी। उम्र के 80 पायदान लांघन के बावजूद वह अपने पशुधन और खेतों में काम करके गुजारा करती थी और उसने कभी भी किसी के आगे मदद को हाथ नहीं फैलाया।
गंगादेवी की इस हिम्मत और हौसले के दाद हर कोई देता था। जैसे ही इसकी हत्या की खबर फैले लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके कारण पुलिस पर भी हत्यारे को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे लाने का दबाव था। शक जम्मू-कश्मीर के एक मजदूर पर गया, जो हत्या के दिन के बाद से लापता था। पुलिस ने उसकी लोकेश का पता लगया और उसे जम्मू-कश्मीर में जाकर दबोच लिया।