नाहन (एमबीएम न्यूज) : लक्ष्मी शर्मा। शालू शर्मा। प्रकाश ठाकुर। ट्रांसगिरि क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली दो बेटियां व एक बेटा है, जिनका चयन फिनलैंड में 20 जुलाई से शुरू हो रहे पेसापालो (बेस बॉल की तरह खेले जाने वाली गेम) के लिए हुआ है। विडंबना देखिए, तीनों को प्रायोजक नहीं मिले हैं, लिहाजा स्थिति यह पैदा हो गई है कि तीनों को विश्वकप से वंचित रहना पड़ सकता है।
पढ़ाई कर रही शालू शर्मा का ताल्लुक शमाहं गांव से है, जबकि प्रकाश ठाकुर टिम्बी गांव से संबंध रखते हैं। दीगर है, यह बात भी पहली बार ही सामने आई है कि पेसापालो में एक नहीं, बल्कि तीन खिलाडिय़ों का चयन विश्व कप के लिए हुआ है। प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को आर्थिक मदद की गुहार है। हालांकि फैडरेशन भी अपने स्तर पर खिलाडिय़ों को मदद दे रही है।
31 मार्च तक तीनों युवा डेढ़-डेढ़ लाख रुपए एकत्रित नहीं कर पाए तो लाजमी तौर पर फिनलैंड की फ्लाइट नहीं ले पाएंगे। कोटी उतरोऊ पंचायत की रहने वाली लक्ष्मी शर्मा ने तो राज्य सरकार से भी मदद की गुहार लगाई थी। यहां तक की तीन मर्तबा मामला युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य के संज्ञान में भी लाया गया, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही है। पेसापालो के विश्वकप में भारतीय टीम पहली बार हिस्सा ले रही है। नौंवे मिक्स इवेंट वर्ल्ड कप में 12 खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जिसमें 6 लड़कियां व 6 लडक़े शामिल किए जाते हैं।
रोचक बात यह है कि देश के 12 खिलाडिय़ों में से तीन सिरमौरी हैं। एमबीएम न्यूज नेटवर्क से अपनी परेशानी साझा करते हुए इन खिलाडिय़ों ने कहा कि विश्व कप से पहले 16 अप्रैल को भारतीय टीम का कैंप महाराष्ट्र के जक्शन में हो रहा है। अगर राशि नहीं जुटती है तो इस कैंप में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे। पूछे जाने पर बताया कि लंगड़ी कबड्डी की टीम में राज्य की टीम से हिस्सा लिया था। इसी की बदौलत पेसापॉलो खेलना शुरू किया।
अगर पाठक इन खिलाडिय़ों की आर्थिक मदद करना चाहते हैं तो लक्ष्मी शर्मा को मोबाइल नंबर 83510-41358 पर संपर्क किया जा सकता है। इन प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को बैंक खाता संख्या 3532089766, IFSC Code CBI NO283624 पर भी मदद दी जा सकती है। बैंक खाता सैंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पांवटा शाखा का है, जिसका NICR Code 173016985 है।