नई दिल्ली, 12 मार्च : उत्तर भारत के राज्य हरियाणा में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को पद से इस्तीफा (resign) दे दिया। सामने आ रही जानकारी के मुुताबिक खट्टर ने मंगलवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, कारणों का खुलासा स्पष्ट तौर पर नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि जननायक जनता पार्टी से गठबंधन टूटने की आशंका के बीच बीजेपी नेतृत्व हरियाणा में बड़े बदलाव कर सकता है।
मंगलवार को ही भाजपा विधायक दल की बैठक भी हो सकती है। फिलहाल, अगले मुख्यमंत्री को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन अटकलें हैं कि गैर जाट बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी जा सकती है। वहीं, निवर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल से चुनाव लड़ सकते हैं।
चर्चाओं के मुताबिक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब सहित केंद्रीय भाजपा नेता निगरानी को लेकर राज्य में डेरा डाल चुके हैं। फिलहाल पार्टी के वरिष्ठ नेता चुप्पी साधे हुए हैं।
माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीट बंटवारे को लेकर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी के बीच संबंधों में खटास आ गई है। 2019 में भाजपा ने राज्य की तमाम 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
हरियाणा की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल नवंबर 2024 में समाप्त होने वाला है, लिहाजा इस साल के आखिर में चुनाव भी होने हैं। विधानसभा में 90 सीटें हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 40 सीटें जीत कर सरकार बनाई थी। जेजेपी गठबंधन से सरकार बनी थी। जेजेपी को 10 सीटें मिली थी, जबकि कांग्रेस का आंकड़ा 31 का था। इसमें 9 विधायक निर्दलीय है।