नाहन (शैलेंद्र कालरा): विकास खंड के सैनवाला में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम में मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। साथ ही कांग्रेस की जमकर आलोचना की। इसके अलावा राज्य सरकार को भी केंद्र से मिलने वाली योजनाओं पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद करने की सलाह दी। केंद्रीय मंत्री ने सैनवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 10 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। इसी बीच संबोधन में भाजपा विधायकों को विकास कार्यों का खाका मुहैया करवाने को भी कहा, ताकि केंद्र सरकार उन पर उचित कदम उठा सके। कार्यक्रम में भाजपा विधायकों के अलावा सांसद वीरेंद्र कश्यप व पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
जनसमूह को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा।क्या है ग्राम उदय से भारत उदय का मकसद?
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम का आयोजन समूचे देश में 14 से 24 अप्रैल तक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच है कि पंचायतों को सुदृढ़ करना होगा। यही इस कार्यक्रम का उदे्श्य है। उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल को खुद प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के तहत 400 जन क्षेत्रों से संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि असल मायनों में गांधी के सपनों को मोदी सरकार पूरा करने की तरफ अग्रसर है। सनद रहे कि इस कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने हरेक सांसद, विधायक व जन प्रतिनिधि को इस कार्यक्रम के तहत 24 अप्रैल को इस कार्यक्रम के तहत अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहने के निर्देश भी दिए हैं। इस कार्यक्रम की शुरूआत डॉ. भीमराव अंबेदकर जयंती पर 14 अप्रैल को की गई थी। नड्डा ने कहा कि ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं व नेताओं को इस बात को प्रचारित करना चाहिए कि केंद्र सरकार का लगाव गांव व किसान के प्रति कितना गहरा है।
कांग्रेस की जमकर की खिंचाई
लगभग 45 मिनट के संबोधन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस की भी जमकर खिंचाई की। उन्होंने कहा कि 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। लेकिन विडंबना देखिए, 2014 तक मात्र सवा तीन करोड़ खाते केवल धन्ना सेठों के ही खुले, जबकि मोदी सरकार की योजनाओं से दो वर्षों के भीतर ही खातों की संख्या 21 करोड़ हुई, जिसमें अधिकतर गरीबों के खाते जीरो बैलेंस पर खोले गए। नड्डा ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से समय की बर्बादी होती है, लेकिन कुछ बातें जनता से साझा करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश जानता है कि यूपीए की सरकार के वक्त देश में भ्रष्टाचार का कैसा बोलबाला था।
नड्डा ने आरोप लगाया कि गरीब जनता की सब्सिडियों को बिचौलिए डकार गए। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को दृष्टि तो हम दे सकते हैं, लेकिन विजन नहीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अपने कांग्रेसी मित्रों से कहते हैं कि देश को अंतरराष्ट्रीय मैप पर ताकतवर बनाने के लिए विजन तो उनके पास होना चाहिए। नड्डा ने कहा कि घोड़े को पानी तक तो लाया जा सकता है, लेकिन उसे पानी तो खुद ही पीना पड़ेगा। यानि कांग्रेस को हम पानी तक तो ले जा सकते हैं, लेकिन पानी तो स्वयं पीना पड़ेगा।
नड्डा ने कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करती रही है। उन्होंने कहा कि देश को यह समझने की जरूरत है कि कांग्रेस ने कभी भी लोगों को स्वावलंबी नहीं बनने दिया। जबकि मोदी सरकार इसके विपरीत है। मात्र एक प्रतिशत के ब्याज पर युवाओं को रोजगार स्थापित करने के लिए 10 लाख रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवा रही है। नड्डा ने कांग्रेस पर दलितों की राजनीति वोट बैंक के लिए करने का आरोप भी लगाया।
क्या दी हिमाचल सरकार को सलाह?
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्य सरकार को बीच-बीच में कई बार सलाह भी दी। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने राजनीतिक जीवन के दौरान प्रदेश में पार्टी के प्रभारी रहे। इस कारण प्रधानमंत्री यहां की हरेक बात से वाकिफ हैं। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद संभालते ही नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की योजना के आकार में कई गुणा इजाफा किया, लेकिन प्रदेश सरकार धन्यवाद करने में भी कतराती रही। नड्डा ने कहा कि यदि राज्य सरकार अस्पतालों में जगह उपलब्ध करवाती है तो जल्द ही प्रदेश के हरेक अस्पताल में जन औषधीय केंद्र खोले जाएंगे, जहां गरीबों को सस्ती दरों पर 31 दवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बातों-बातों में राज्य सरकार को बताने का प्रयास किया कि मोदी सरकार के पास धन की गंगा-यमुना बह रही है। धन विकास में रुकावट नहीं है। बशर्ते की राज्य सरकार इसका लाभ दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ले।
कैसे किया मोदी सरकार की योजना-नीतियों का बखान?
लगभग 45 मिनट के संबोधन में नड्डा ने मोदी सरकार की योजनाओं, सोच व नीतियों पर चर्चा करने के लिए 15 से 20 मिनट का समय लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी के प्रयासों से समूचे देश की छवि बदली है। कई ताकतवर देश भी अब भारत से अपनी करीबियां बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी राजा नहीं है, बल्कि जनता के सेवक हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को भी प्रजातंत्र में सोच-समझकर ही वोट डालना चाहिए। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में एक करोड़ उपभोक्ताओं ने एलपीजी सब्सिडी को त्यागा है। इससे देश के खजाने को 5 करोड़ 178 करोड़ की बचत हुई है। अब यह राशि बीपीएल परिवारों को एलपीजी कनैक्शन देने के लिए खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश का गरीब व्यक्ति अब मात्र 12 रुपए के प्रीमियम पर इंश्योरेंस पा सकता है। इसमें दुर्घटना में मौत पर 2 लाख व अपंगता पर 1 लाख का प्रावधान है।
ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम में सैनवाला में उमड़ी भीड़।