नाहन (एमबीएम न्यूज़) : सीनियर सेकेंडरी स्कूल धौण में पृथ्वी दिवस के मौके पर कई प्रकार की बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। राज्य विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद शिमला के सौजन्य से हिमजनमंच संस्था नाहन व पीपल इको क्लब धौण के संयुक्त तत्वाधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले स्कूली छात्रों ने रैली निकाली। छात्रों ने रामाधौण गांव की परिक्रमा की। साथ ही लोगों को पर्यावरण सरंक्षण, जल संरक्षण, पृथ्वी बचाओं के बारे में संदेश दिया। इसके बाद स्कूली छात्रों ने दो जल स्त्रोतों को साफ किया।
इस मौके पर सुरला स्कूल के प्रिंसिपल केएस नेगी ने बताया कि भारत सरकार के पर्यावरण एवं मौसम परिवर्तन मंत्रालय के सौजन्य से मरूस्थलीकरण, भूमि कटाव व सूखा रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रामाधौण के प्रधानाचार्य अलोक कटोच ने बताया कि अमेरिका में समुद्री तेल का रिसाव हुआ था। इसके चलते समुद्री जैव विविधिता को खतरा पैदा हो गया। वैज्ञानिकों ने इसे रोका और 22 अप्रेल 1970 से ही पृथ्वी बचाओ दिवस मनाना शुरू किया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के लिए नारा लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में जमा दो स्कूल की शालू ने पहला, दसवीं की मोनिका ने दूसरा और जमा दो की सुषमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। नारा लेखन में जमा दो के पारूल ठाकुर, प्रिया और अश्वनी ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह चित्रकला प्रतियोगिता में मोनिका ठाकुर ने पहला, मोनिका ने दूसरा और प्राची ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रवक्ता डीआर शर्मा, सुशीला शर्मा, भाषा अध्यापक सुरेश दत्त, सीएचटी बाला सिंह, कार्यकारी सचिव बीआर नेगी मौजूद थे।