शिमला/नाहन, 8 मार्च: हिमाचल की स्थापना के 50 साल पूरा होने पर इस बार खाकी ने भी महिला दिवस पर कुछ हटकर करने का निर्णय लिया था। इसी को लेकर खाकी ने अपनी महिला पुलिस कर्मियों के शौर्य को प्रदर्शित किया। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित कार्यक्रम में महिला पुलिस कर्मियों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन तो किया ही, साथ ही इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों की 8 टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट भी किया।
इस पल के गवाह सूबे के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय बने। खास बात ये रही कि सिरमौर की ट्रांसगिरि की तीन बेटियों ने अलग-अलग टुकड़ियों का नेतृत्व किया। ओवरआल परेड कमांड की जिम्मेदारी आईपीएस सृष्टि पांडे ने संभाली थी। बता दें कि हिमाचल पुलिस में 1973 में पहली बार तीन महिलाएं शामिल हुई थी। इस समय पुलिस के बेड़े में 2300 महिला सुरक्षा बल तैनात हैं। कार्यक्रम में महिला पुलिस कर्मियों ने बाइक स्टंट व कई अन्य साहसिक खेलों का भी बखूबी प्रदर्शन किया।
इंस्पेक्टर प्रियंका नेगी…
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका नेगी ने पलाटून नंबर-1 की बागडोर संभाली हुई थी। सबसे आगे चल रही टुकड़ी का शानदार नेतृत्व किया। बता दें कि प्रियंका नेगी पुलिस में सेवा के दौरान अपनी गेम को भी जारी रखे हुए है। मूलतः शिलाई की रहने वाली इंस्पेक्टर प्रियंका नेगी नशे व ट्रैफिक नियमों को लेकर भी सोशल मीडिया में अपने संदेश को लेकर चर्चित रह चुकी हैं। इस समय बिलासपुर के सदर थाना में इंस्पेक्टर पद के प्रोबेशन पीरियड पर हैं। करीब डेढ़ महीने का कार्यकाल बचा है। कबड्डी के क्षेत्र में प्रियंका की उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त है।
सब इंस्पेक्टर पूनम पुंडीर …
ट्रांसगिरि के दुगाना की रहने वाली पूनम पुंडीर हाल ही के बैच से सब इंस्पेक्टर के पद पर पास आउट हुई है। सब इंस्पेक्टर बनते ही पूनम को महिला दिवस पर विभाग के शानदार कार्यक्रम में पलाटून नंबर-2 का नेतृत्व करने का अवसर हासिल हो गया। इस समय ऊना के हरोली थाना में सेवाएं प्रदान कर रही हैं। साधारण परिवार में जन्मीं पूनम पुंडीर के मन में बचपन से ही खाकी पहनने का जज्बा था। शायद ही इस बात का इल्म होगा कि जब पुलिस की महिला कर्मिेयों को रिज मैदान पर अपनी काबलियत दिखाने का मौका मिलेगा तो इसमें वो भी सबसे आगे रहेंगी।
सब इंस्पेक्टर कविता चौहान …
अहम बात यह है कि महिला पुलिस कर्मियों की परेड में केवल 8 टुकड़ियां थी। इसमें तीन का प्रतिनिधित्व सिरमौर की बेटियों ने किया। पलाटून नंबर-6 की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर कविता चौहान संभाले हुए थी। ट्रांसगिरि के ही बनौर की रहने वाली कविता ने 2016-17 में सब इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग पूरी की थी। इस समय ढली थाना में अपनी सेवाएं बखूबी प्रदान कर रही हैं। वो कहती हैं कि इन ऐतिहासिक पलों में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। गौरतलब है कि पलाटून कमांडर को 27 सदस्यों के कदमताल का नेतृत्व करना होता है। इसकी कसौटी पर सब इंस्पेक्टर कविता चौहान बखूबी खरा उतरी।