शिमला : राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर नशे में धुत एक युवक ने “इंडिया पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए। पुलिस के सामने ही युवक रिज मैदान पर लेट गया और “इंडिया पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाने लगा। युवक की इस हरकत को देखकर रिज पर घूम रहे लोग सहम गए। पुलिस युवक को गिरफ्तार कर सदर थाना ले गई। यह घटना बुधवार शाम को पेश आई। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक युवक पूरी तरह से नशे में धुत था।
रिज पर चर्च के पास पहले वह पुलिस गुमटी पर तैनात जवानों से उलझा। जवानों की सूचना पर कंट्रोल रूम व सदर थाना से पुलिस की टीम वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर ले जाने लगी। इसी बीच वह जमीन पर लेट गया और जोर-जोर से “इंडिया पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाने लग गया। माल रोड के पुलिस कंट्रोल रूम में भी आरोपी पुलिस के खिलाफ़ नारेबाजी करता रहा। डीएसपी हेड क्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि आरोपित को सदर थाना लाया गया है।
उसकी पहचान की जा रही है। वह नशे में धुत था और उसका मेडिकल करवाया जा रहा है। आरोपी के बारे में पूरी छानबीन की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले रिज पर पेश आई इस घटना ने सुरक्षा प्रबंधों की भी पोल खोल दी है। सनद रहे कि राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस इस बार रिज मैदान पर आयोजित होगा तथा सीएम तिरंगा फहराएंगे। पुलिस का दावा है कि रिज पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के दृष्टिगत 200 जवानों को तैनात किया गया है।