शिमला (शैलेंद्र कालरा): कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय पटल पर सूबे के चार खिलाडिय़ों ने जबरदस्त चमक बिखेरी है। नालागढ़ के दभोटा के रहने वाले अजय ठाकुर को एशियन चैंपियनशिप में भारतीय कबड्डी टीम की कप्तानी मिली है। साथ ही ऊना के विशाल भारद्वाज ने भी पुरुष टीम में जगह बनाई है। देवभूमि की चमक यहीं नहीं रूकती, इसके साथ-साथ सिरमौर की प्रियंका नेगी व कुल्लू की कविता ने भारतीय महिला कबड्डी टीम में धमाकेदार एंट्री की है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हिमाचल पुलिस ‘खाकी’ भी गौरवान्वित हुई है, क्योंकि भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के कप्तान बने अजय ठाकुर महकमे में डीएसपी के रैंक पर तैनात हैं, जबकि सिरमौर की प्रियंका नेगी सब इंस्पेक्टर है। इन दोनों ही अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों को सरकार ने विशेष कोटे के तहत रैंक दिए थे। द अमैच्योर कबड्डी फैडरेशन ऑफ इंडिया ने शनिवार शाम एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय पुरुष व महिला टीमों का ऐलान किया था। इसमें पुरुष टीम की कप्तानी हिमाचली बेटे अजय ठाकुर को मिली है, जबकि महिला टीम की कप्तानी महाराष्ट्र की अभिलाषा मात्रे करेंगी।
हालांकि स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह माना जा रहा है कि करीब 15 साल बाद हिमाचल के किसी खिलाड़ी को भारतीय टीम का कप्तान बनने का मौका मिला है। इससे पहले नाहन की बेटी सीता गोसाई ने भारतीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व किया था। इसके बाद सीता पहली महिला हॉकी खिलाड़ी बनी थी, जिन्हें देश की पुरुष हॉकी टीम का चयनकर्ता बनाया गया।
उधर एमबीएम न्यूज नेटवर्क की भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के कप्तान बने अजय ठाकुर से बात नहीं हो पाई, लेकिन भारतीय महिला टीम में शामिल हुई सब इंस्पेक्टर प्रियंका नेगी व कविता से बात हुई। उन्होंने कहा कि ईरान के गॉरजन में 23 से 26 नवंबर तक आयोजित हो रही एशियन चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर लौटेंगी। सब इंस्पेक्टर प्रियंका नेगी ने कहा कि विभाग से पूरी इम्दाद मिल रही है। वह विशेष तौर पर पुलिस महानिदेशक व आईजी का आभार प्रकट करती हैं, जिन्होंने भारतीय टीम का सदस्य बनने में पूरी मदद की है।
उधर हिमाचल प्रदेश कबड्डी फैडरेशन के अध्यक्ष राजकुमार ‘नीटू’ ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि छोटे से राज्य से चार खिलाडिय़ों का चयन हुआ है। यह जबरदस्त उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बड़े गौरव की बात यह है कि भारतीय पुरुष कबड्डी टीम की कप्तानी भी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कबड्डी की सुविधाओं में इजाफा हुआ है। एक साथ चार खिलाडिय़ों के एशियन प्रतियोगिता में चयन से अन्य खिलाडिय़ों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
Promotional……