ऊना (एमबीएम न्यूज): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिमाचलवासियों को एक गजब सपना दिखाया है। अंब की रैली में योगी ने कहा कि अगर केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकारें होंगी तो हिमाचल में इतना विकास होगा कि पूरा विश्व स्विटजरलैंड को ही भूल जाएगा। योगी ने कहा कि प्रदेश में माफिया सक्रिय है। सब जानते हैं कि यह शब्द इटली से आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को जाति, धर्म व क्षेत्र में बांटने का प्रयास किया है।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की भाजपा परिवर्तन रथयात्रा के समापन पर योगी ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से देश का आम आदमी दुखी था। अब भाजपा के शासनकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के बीच विकास को लेकर विश्वास पैदा किया है। उन्होंने कहा कि विमुद्रीकरण देशहित में बड़ा फैसला था। योगी ने कहा कि आज पहाड़ में माफियाराज सक्रिय है, क्योंकि धाार्मिक स्थल चिंतपूर्णी की सडक़ों को देखकर ही लग रहा है कि यहां कितना भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद केंद्र से धन ला रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं कर पा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने यूपी में सत्ता संभालते ही किसानों का कर्जा माफ किया। साथ ही बिजली मुहैया करवाने के अलावा खनन माफिया का सफाया कर दिया। इसी तरह आज हिमाचल को भी बचाना होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजमहल एक अच्छी कलाकृति हो सकती है, लेकिन आस्था का प्रतीक नहीं। श्रीमद भागवत व श्रीराम आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि देश की आस्था को तोडऩे का काम कांग्रेस ने किया है। योगी ने कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि आज की कांग्रेस महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की कांग्रेस नहीं है। तभी कांग्रेस के राज में श्रीराम व भगवान श्रीकृष्ण का अपमान हुआ।
योगी ने कहा कि परिवर्तन की आंधी अब हिमाचल में भी आ पहुंची है। अब भाजपा की सरकार बनना तय है। इस मौके पर प्रदेश के पूर्व सीएम धूमल ने कहा कि हिमाचल में अहंकारी, अत्याचारी व भ्रष्टाचारी सीएम राज कर रहे हैं, जिन्हें आज जमानती मुख्यमंत्री कहा जा रहा है। सांसद शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल में हाल बद से बदत्तर हैं। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 5 सीटों पर सिमट जाएगी। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी अपने विचार रखे।