जंजहैली (लीलाधर चौहान): थुनगाधार पंचायत के रहने वाले 22 वर्षीय वनरक्षक होशियार सिंह की हत्या हुई है। होशियार का शव पेड़ से लटका मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तफ्तीश में पाया कि जिस तरीके से शव पेड़ पर लटका हुआ है, उसे देखकर साफ जाहिर हो रहा है कि हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है। मौके की तस्वीरें खौफनाक हैं।
करसोग के नजदीक कतनाड़ा में अपनी डयूटी से अचानक ही लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह डयूटीस्थल के नजदीक से ही होशियार सिंह का शव बरामद हो गया। बचपन से ही होनहार होशियार सिंह के माता-पिता का निधन हो चुका था। दादी ने कड़ी मशक्कत के बाद पोते को पढ़ा-लिखा कर सरकारी नौकरी हासिल करने में कामयाब बनाया था। होनहार बेटे के निधन पर इलाके में शोक की लहर है। लापता होने से पहले अपनी डयूटी का निर्वहन बखूबी कर रहा था।
पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे तलाशने की कोशिश में लगी हुई थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। आज अचानक ही शव के देवदार के पेड़ से लटका होने की सूचना पुलिस को मिली। होशियार सिंह पिछले तीन-चार दिन से लापता था। ऐसी आशंका जाहिर की जा रही थी कि अवैध गतिविधियों पर नुकेल कसने की वजह से ही होशियार सिंह की हत्या की गई है।
उधर एक अन्य जानकारी के मुताबिक मौके पर एफएसएल की टीम समेत पुलिस के आलाधिकारी पहुंच कर जांच कर रहे हैं। करसोग पुलिस के मुताबिक लापता वनरक्षक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना सुबह 11 बजे के आसपास मिली थी।