नेरचौक (नितेश सैनी): बल्ह घाटी के गुटकर में ओटा गांव के एक घर में अचानक आग लगने से लाखों रूपए का नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार ओटा की प्रभा देवी के घर में दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। उस समय प्रभा देवी की बहु कुसमा देवी, बच्चा व दादी सास घर पर मौजूद थी।
बहु ने घर के अंदर से धुआं निकलता हुआ देखा, तो पाया कि घर में आग लग गई है, जिसे देख शोर मचाने पर आस-पास के लोग इक्ट्ठे हो गए और अग्निशमन विभाग को फोन कर सूचना दी। विभाग की दो गाडिय़ों व लोगों के प्रयास से लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, मगर तब तक लाखों का नुकसान हो चुका था। लगभग डेढ़ दर्जन कमरों व दुकानों के इस मकान में सारा फर्नीचर व अन्य सामान जल गया। वहीं मकान में जूतों की दुकान किरण एंटरप्राइजिज का भी आग लगने से सामान जल कर नष्ट हो गया।
उधर तहसीलदार बल्ह जयगोपाल शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। गुटकर के औटा गांव में आग लगने से काफी नुक्सान हुआ है। सूचना मिलते ही मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। पीडि़त परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रूपए दिए गए।