नालागढ़ (एमबीएम न्यूज): पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक शख्स के घर पर छापामारी कर अवैध रूप से रखी गई एक लाख 65 हजार रूपए की राशि रिकवर की है। संबंधित व्यक्ति फिलहाल पुलिस के समक्ष इस बात का खुलासा कर रहा है कि उसे यह राशि कुछ दिन पहले सडक़ किनारे मिली थी। जबकि पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि कहीं यह राशि चोरी की तो नहीं है।
दरअसल पुलिस को अपने खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि नालागढ़ के बसंही गांव के निवासी गीतूराम के घर से चोरी का सामान बरामद हो सकता है। इसी आधार पर पुलिस ने सुबह साढ़े 4 बजे गीतूराम के घर पर रेड की। इस दौरान पुलिस को घर में रखी गई एक लाख 65 हजार रूपए की राशि बरामद हुई। गीतूराम पुलिस को यह बताने में असमर्थ रहा कि उसके पास यह राशि कहां से आई। उसने केवल इतना बताया कि उसे यह पैसे सडक़ किनारे मिले थे।
डीएसपी साहिल अरोड़ा ने पुष्टि करते हुए बताया कि राशि को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही है कि कहीं यह राशि चोरी की तो नहीं है। इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।