मनाली (एमबीएम न्यूज): घुड़दौड़ में चल रहे भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण महाभियान के पहले दिन के चौथे सत्र को संबोधित करते हुए भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दो वर्ष पूर्व यूपीए शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार अपने चरम सीमा पर होने के कारण चारों ओर भय, अविश्वास और निराशा का वातावरण था।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र की जनता की आशा की एकमात्र किरण भाजपा और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी थे। भाजपा ने भी सत्ता में आने के पश्चात जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए मात्र 6 महीनों में वो करके दिखाया जो कांग्रेस अपने शासनकाल के 60 वर्षों में करके नहीं दिखा पाई। ठाकुर ने कहा कि इन दो वर्षों में मोदी सरकार की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि दुनिया भर में भारत की छवि में साकारात्मक बदलाव आया है।
ठाकुर ने कहा कि आज भारत दुनिया के लिए सर्वाधिक संभावनाओं का देश बन गया है और इन दो वर्षों में भारत की क्षमताओं से दुनिया वाकिफ हुई है। इससे विदेशी निवेश में 42 प्रतिशत आशातीत बढ़ोतरी हुई है। आम आदमी के विश्वास के बहाल होने से और मोदी सरकार के नीतियों और कार्यक्रमो से देश तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।