नाहन (एमबीएम न्यूज): प्रदेश के अन्य हिस्सों की तर्ज पर शुक्रवार शाम चूड़धार चोटी समेत हरिपुरधार में ताजा हिमपात की सूचना है। हरिपुरधार में करीब पौने पांच बजे के आसपास बर्फबारी शुरू हुई है। मां भंगयाणी माता मंदिर परिसर ने भी सफेद चादर ओढ़ ली है। अंतिम समाचार के मुताबिक हरिपुरधार समेत चूड़धार चोटी में बर्फ पडऩे का सिलसिला जारी है।
हरिपुरधार में आधा इंच बर्फ पड़ गई है। मौसम का यह दूसरा हिमपात है। मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाए हुए थे, लेकिन बरसने का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। सनद रहे कि हरिपुरधार, नौहराधार समेत अन्य क्षेत्रों में बर्फबारी का इंतजार हो रहा था, क्योंकि कई नकदी फसलें इस पर निर्भर करती हैं।
ताजा हिमपात से पर्यटन व्यवसाय को भी पंख लगने की संभावना है। इस साल कम बर्फबारी के कारण इस व्यवसाय पर भी काफी असर पड़ा है।