ऊना, 29 जून : उपमंडल अंब के तहत हंबोली गांव में स्थित स्वां नदी में नहाते समय 25 वर्षीय भारतीय सेना के जवान की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भरत सिंह (25 ) पुत्र किशन चंद निवासी अप्पर पंजावर के तौर पर हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भारतीय सेना का जवान भरत सिंह एक सप्ताह पहले छुट्टी लेकर घर पहुंचा था।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/06/rivar.jpg)
जानकारी के अनुसार भरत सिंह निवासी अप्पर पंजावर शनिवार दोपहर अपने भांजे के साथ नहाने के लिए स्वां नदी में गया था। पानी के तेज बहाव के कारण वह गहरे पानी में चला गया। भरत सिंह जैसे ही डूबने लगा, तो भांजे ने शोर मचाया। लेकिन भरत गहरे पानी में समा गया। स्थानीय लोगों की मदद से भरत सिंह के शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि हादसे से जुड़े कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।