रोनहाट, 04 जुलाई : शिलाई विधानसभा क्षेत्र की जरवा पंचायत में स्थानीय लोगों द्वारा आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर और शिलाई के पूर्व विधायक और सिविल सप्लाई कारपोरेशन के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर द्वारा बतौर मुख्यातिथि शिरकत की गई।
इस दौरान क्षेत्र के लोगों द्वारा ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं के साथ गर्मजोशी से भाजपा के दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। बलदेव सिंह तोमर ने क़रीब 2 करोड़ की लागत से निर्मित पीडब्ल्यूडी विभाग की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। वहीं मंत्री वीरेंद्र कंवर द्वारा जरवा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत के सभागार भवन का उद्घाटन करके उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
जरवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बलदेव सिंह तोमर ने बताया कि जिस हाटी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस बीते 60 वर्षों से अपनी राजनैतिक रोटियां सेकती आ रही है। अब विधानसभा के चुनाव से पहले वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा गिरिपार क्षेत्र की 154 ग्राम पंचायतों के क़रीब 3 लाख लोगों को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अथक प्रयासों से बहुत जल्द वो शुभ घड़ी नज़दीक आने वाली है जिसकी गिरिपार क्षेत्र की जनता बीते कई दशकों से राह देख रहे है।
वहीं हिमाचल सरकार में मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बताया कि विकास के मामले में शिलाई के लोगों ने उनके अपने गृह विधानसभा क्षेत्र को भी पीछे छोड़ दिया है। शिलाई में 2 एसडीएम कार्यालय, 2 बीडीओ कार्यालय, 4 महाविद्यालय, बिजली पीडब्ल्यूडी और आईपीएच सहित सभी महत्वपूर्ण विभागों के दफ़्तर मौजूद है। जल्द ही शिलाई में डीएसपी कार्यालय को भी खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भाजपा काम करने में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस को आराम करने में मज़ा आता है।
इस दौरान मंत्री वीरेंद्र कंवर ने जरवा में पंचायत के विश्राम गृह निर्माण के लिए 11 लाख रुपए, सराय भवन किणु के लिए 5 लाख रुपए, मनोरंजन भवन जूनैली के लिए 5 लाख रुपए और जरवा पंचायत में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना को अपनी स्वीकृति प्रदान की और साथ ही ड़ाहर में पशु औषधालय खोलने के लिए आवश्यक सभी दस्तावेजों और सर्वे को पूरा करने के बाद सकारात्मक कदम उठाने के लिए आश्वस्त किया। वीरेंद्र कंवर ने उपस्थित सभी लोगों से बलदेव सिंह तोमर को आगामी चुनावों में भारी बहुमत के साथ विधानसभा भेजने का आवाहन किया है।
इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप राणा, मंडल अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, मंडल उपाध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर, महामंत्री हरी सिंह ठाकुर, गुमान पोजटा, गंगा राम सिंगटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अनिल चौहान, ओम पोजटा, कमल सिंगटा, सुरेंद्र शर्मा आदि सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।