ऊना, 27 अक्टूबर : पुलिस थाना जिला के तहत चलोला में हुई एक मारपीट के दौरान घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान बीरबल शर्मा निवासी चलोला के रूप में की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना 7 अक्टूबर को बताई गई है। वही 8 अक्टूबर को मृतक के शव का पोस्टमार्टम टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाया गया था। जबकि मृतक के पुत्र की शिकायत के आधार पर करीब 20 दिन बाद अब पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस को दी शिकायत में चलोला निवासी पंकज कुमार ने बताया कि 7 अक्टूबर को उनके ही पड़ोस में रहने वाले वशिष्ठ शर्मा ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। इसी दौरान उनके पिता बीरबल शर्मा ने जब दूसरे पक्ष को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने उनके साथ लड़ाई झगड़ा और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी खींचतान में बीरबल शर्मा ज़मीन पर गिर गए, और उन्हें बुरी तरह से चोटें पहुंची। बीरबल शर्मा को जब अस्पताल ले जाया गया तो उन्हें वहां पर मृत घोषित कर दिया गया।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बीरबल शर्मा की मौत के संबंध में उनके पुत्र की शिकायत के आधार पर दूसरे पक्ष से वशिष्ठ शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।