हमीरपुर: लगवाल्ती क्षेत्र के खनौली क्षेत्र में बुधवार सायं भयंकर ओलावृष्टि हुई है। ओले इतनी तेज़ी से पड़े कि कुछ ही समय में खेत और आँगन सफ़ेद हो गये। नज़ारा कुछ यूं दिखने लगा कि जैसे क्षेत्र में बर्फ़बारी हुई है। ओलावृष्टि से गेहूं की फ़सल को भी काफी नुक़सान पंहुचा है। बताया जा रहा है कि लगवाल्ती क्षेत्र में काफ़ी सालों के बाद ऐसी ओलावृष्टि हुई है।
इस बारे में खनौली पंचायत प्रधान सुभाष चंद ने बताया कि बुधवार सायं हुई ओलावृष्टि से क्षेत्र में ठंड बढ़ गयी है। पूरा क्षेत्र सफ़ेद चादर ओढ़े दिख रहा है। ग्राम पंचायत कक्कड के उप प्रधान भगवान सिंह ने बताया कि गेहूं की फ़सल को इस ओलावृष्टि से नुक़सान पंहुचा है। काफ़ी सालों के बाद इलाक़े में इतनी ज़बरदस्त ओलावृष्टि हुई है। लेकिन अभी तक कोई बढ़े नुक़सान की ख़बर नहीं है।