एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों पर मतगणना जारी है। हमीरपुर, मंडी, शिमला और सोलन सीटों में भाजपा काफी आगे चल रही है और कांग्रेस कहीं मुकाबले में भी नहीं है। रूझान बता रहे हैं कि सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की बढ़त डेढ लाख से अधिक हो गई है। कांग्रेस उम्मीदवार टक्कर भी नहीं दे पाए। हाॅट सीटों मंडी और हमीरपुर सीटों पर सबकी निगाहें लगी हैं। मंडी में भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा दो लाख 13 हजार मतों से आगे चल रहे हैं।
कांग्रेस ने यहां पर अपने दिग्गज पंडित सुखराम के पौत्र आश्रय शर्मा को उतारा है, लेकिन वह कहीं मुकाबले में भी नहीं दिखे। मंडी लोकसभा सीट सीएम जयराम ठाकुर का गृह संसदीय क्षेत्र है। इस सीट पर उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर थी।
हमीरपुर सीट पर जीत की हैट्रिक लगा चुके भाजपा के अनुराग ठाकुर एक लाख 77 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। यहां उनका मुकाबला कांग्रेस के रामलाल ठाकुर से हैं। कांगड़ा सीट पर भाजपा उम्मीदवार व कैबिनेट मंत्री किशन कपूर एक लाख 70 हजार मतों से लीड दे रहे हैं। कांग्रेस के पवन काजल काफी पिछड़ गए हैं।
साल 2014 में भाजपा ने कांगड़ा सीट 1 लाख 70 हजार मतों से जीती थी। शिमला लोकसभा सीट पर भी भाजपा का जादू बरकरार है। भाजपा के सुरेश कश्यप एक लाख 49 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के अनुभवी व पूर्व सांसद धनी राम शांडिल भाजपा को टक्कर देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। आंकड़ें से यह साफ हो गया है कि भाजपा उम्मीदवार सभी चारों सीटों पर रिकार्ड वोटों से जीत दर्ज करेंगे।