एमबीएम न्यूज़/शिमला
हिमाचल प्रदेश में इस बार भाजपा पिछली बार के अपने प्रदर्शन को दोहराने की तैयारी में है। चारों सीटों पर भाजपा ने निर्णायक बढ़त बना ली है। हमीरपुर, शिमला और कांगड़ा सीटों पर भाजपा तीन लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं और कांग्रेस कहीं मुकाबले में भी नहीं है। मंडी सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार की बढ़त अढ़ाई लाख से अधिक है।
हमीरपुर सीट पर जीत की हैटिक लगा चुके भाजपा के अनुराग ठाकुर तीन लाख 28 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के रामलाल ठाकुर अनुराग को टक्कर देने में नाकाम रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि कांग्रेस के गढ़ों में भाजपा को काफी लीड मिली है। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री के विस क्षेत्र हरोली से भाजपा को 13 हजार मतों की लीड मिली है। कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के किशन कपूर तीन लाख 48 हजार मतों से आगे चल रहे हैं और उनकी जीत पक्की है। कांग्रेस के पवन काजल अपनी पार्टी की उम्मीद पर खरे नहीं उतर पाए।
शिमला लोकसभा सीट पर एक बार फिर भाजपा का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। यहां से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप तीन लाख 98 मतों से आगे चल रहे हैं। पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के विस हल्के अर्की से भाजपा को 13 हजार की लीड मिली है। कांग्रेस को शिमला सीट से अनुभवी व पूर्व सांसद धनी राम शांडिल से करिश्मे की उम्मीद थी।
मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा दो लाख 66 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के आश्रय शर्मा मतदाताओं को नहीं भाए। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सिराज में भाजपा को 25 हजार मतों की बढ़त मिली है।