एमबीएम न्यूज/नाहन
शहर की बेटी जोशिता शर्मा चंद महीने बाद अमेरिका की जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी में अपने प्रदेश का डंका बजाएगी। शिमला के निजी स्कूल में पढ़ रही जोशिता शर्मा को यूएसए की जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी से यंग लीडर्स कॉन्फ्रैंस में हिस्सा लेने का न्यौता मिला है। जून महीने में सम्मेलन प्रस्तावित है। दरअसल जोशिता ने अमेरिका के स्कॉलेस्टिक एप्टीटयूड टैस्ट में हिस्सा लिया था। इसी के बूते जोशिता का चयन कॉन्फ्रेंस के लिए किया गया है।
जोशिता की मां बिन्दू जोशी का कहना है कि इस टैस्ट को उत्तीर्ण करने के बाद अब तक जोशिता को 21 विश्वविद्यालयों से पढ़ाई का निमंत्रण मिला है। इसमें से 10 विश्वविद्यालय संसार के सर्वश्रेष्ठ सूची में शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2017 को बेटी होनहार बेटी जोशिता को पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम इग्नाईट अवार्ड से भी अलंकृत किया जा चुका है। आप यह भी जानकर दंग रह जाएंगे कि जोशिता के द्वारा बनाए गए एक मॉडल को आईजीएनआईटी द्वारा पेटेंट भी किया गया है।
जोशिता के पिता लंबे अरसे से शिमला में एलआईसी के अधिकारी हैं। शहर के अपर कैंट एरिया के रहने वाले माता राम शर्मा की पोती ने न केवल परिवार को, बल्कि प्रदेश के नाम को रोशन किया है।
यह भी कर चुकी है कारनामा…
जोशिता ने बाढ़ से लोगों की जान बचाने के लिए पोर्ट हॉल एंड मेन होल सैंसर उपकरण बनाया था। इसी की बदौलत जोशिता को पूर्व राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया था। विज्ञान व प्रोद्योगिकी विद्यालय द्वारा इस उपकरण को जोशिता के नाम पर ही पेटेंट किया गया है।
खुद क्या बोली…
बेषक ही विश्व के बेहतरीन विश्वविद्यालयों से जोशिता को पढ़ाई के न्यौते मिलने लगे हैं, लेकिन खुद यूएसए की यूनिवर्सिटी ऑफ मैस्च्युटस (University of Massachusetts) में दाखिला लेना चाहती है। यहां ऐरो स्पेस की पढ़ाई करने का सपना है, ताकि भविष्य में एस्ट्रोनॉट (अंतरिक्ष) यात्री)बन सके। जोशिता का कहना है कि ऐरो स्पेस की पढ़ाई के लिए यह विश्वविद्यालय समूचे संसार में सर्वश्रेष्ठ है। उल्लेखनीय है कि जोशिता सूबे की पहली दसवीं कक्षा की छात्रा हो सकती हैं, जिसे जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी ने यंग लीडर्स कांफ्रेंस में हिस्सा लेने का न्यौता दिया है।