एमबीएम न्यूज/नाहन
पंजाब के फाजिल्का से शुरू होने वाले नेशनल हाईवे-07 पर सूरजपुर-यमुना पुल के 6 किलोमीटर के हिस्से को लेकर अच्छी खबर है। 6 किलोमीटर के इस हाईवे को फोरलेन करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। करीब 30 करोड़ की लागत से फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। एनएच विंग जल्द ही टैंडर आमंत्रित कर लेगा। कालाअंब से यमुना पुल तक हाईवे की दूरी 57 किलोमीटर है। शेष 51 किलोमीटर को फोरलेन करने के लिए भी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इसकी मंजूरी के बाद ही डीपीआर तैयार होगी।
फाजिल्का से हरिद्वार तक एनएच-07 है। बताया जा रहा है कि पंजाब में इस हाईवे को फोरलेन करने का कार्य शुरू किया जा चुका है, जबकि उत्तराखंड में भी कार्य प्रगति पर है। अगर कालाअंब से वाया नाहन दोसड़का भी हाईवे को फोरलेन किया जाता है तो मुख्यालय को भी लाभ मिलेगा। जानकार बताते हैं कि इस हाईवे को वाघा बॉर्डर से नेपाल सीमा तक जोड़ने का भी प्रस्ताव चल रहा है। मगर स्थानीय स्तर पर अधिकारी इस बात की जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं। अलबत्ता इतना जरूर है कि 57 किलोमीटर के आसपास फोरलेन हाईवे आने वाले समय में सिरमौर से होकर ही गुजरेगा।
कालाअंब से पांवटा साहिब के बीच एनएच विंग ने एक अरसे से 107 कलवर्टों को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया हुआ है। इसमें से 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। बताया जा रहा है कि भविष्य में फोरलेन की संभावना के चलते इन कलवटर्स को 15 मीटर की चौड़ाई दी गई है, ताकि दोबारा कार्य करने की जरूरत न पडे़। बहरहाल काफी हद तक यह तय है कि आने वाले पांच सालों तक इस हाईवे की तस्वीर बदल सकती है।
क्या कहते हैं एक्सईएन…
एनएच विंग के एक्सईएन वीके अग्रवाल का कहना है कि सूरजपुर से यमुना पुल तक फोरलेन का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए टैंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि यह दूरी 6 किलोमीटर होगी। उनके मुताबिक शेष 51 किलोमीटर को फोरलेन करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
Latest
- कुमारसेन में 111 ग्राम चिट्टे के साथ कुल्लू का तस्कर गिरफ्तार
- मां चिंतपूर्णी मंदिर में शीश नवाने पहुंची पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा
- नाहन में जुटेंगी नर्सिंग क्षेत्र की नामी हस्तियां, पहली बार यहां राष्ट्रीय सम्मेलन
- हिमाचल चुनाव के दौरान 25 हजार पुलिस जवान संभालेंगे मोर्चा, बाहरी राज्यों से भी आएगी फोर्स
- राहुल गांधी, ओम बिड़ला, हेमा मालिनी, गजेंद्र शेखावत व शशि थरूर के भाग्य EVM में कैद