एमबीएम न्यूज/नाहन
पंजाब के फाजिल्का से शुरू होने वाले नेशनल हाईवे-07 पर सूरजपुर-यमुना पुल के 6 किलोमीटर के हिस्से को लेकर अच्छी खबर है। 6 किलोमीटर के इस हाईवे को फोरलेन करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। करीब 30 करोड़ की लागत से फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। एनएच विंग जल्द ही टैंडर आमंत्रित कर लेगा। कालाअंब से यमुना पुल तक हाईवे की दूरी 57 किलोमीटर है। शेष 51 किलोमीटर को फोरलेन करने के लिए भी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इसकी मंजूरी के बाद ही डीपीआर तैयार होगी।
फाजिल्का से हरिद्वार तक एनएच-07 है। बताया जा रहा है कि पंजाब में इस हाईवे को फोरलेन करने का कार्य शुरू किया जा चुका है, जबकि उत्तराखंड में भी कार्य प्रगति पर है। अगर कालाअंब से वाया नाहन दोसड़का भी हाईवे को फोरलेन किया जाता है तो मुख्यालय को भी लाभ मिलेगा। जानकार बताते हैं कि इस हाईवे को वाघा बॉर्डर से नेपाल सीमा तक जोड़ने का भी प्रस्ताव चल रहा है। मगर स्थानीय स्तर पर अधिकारी इस बात की जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं। अलबत्ता इतना जरूर है कि 57 किलोमीटर के आसपास फोरलेन हाईवे आने वाले समय में सिरमौर से होकर ही गुजरेगा।
कालाअंब से पांवटा साहिब के बीच एनएच विंग ने एक अरसे से 107 कलवर्टों को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया हुआ है। इसमें से 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। बताया जा रहा है कि भविष्य में फोरलेन की संभावना के चलते इन कलवटर्स को 15 मीटर की चौड़ाई दी गई है, ताकि दोबारा कार्य करने की जरूरत न पडे़। बहरहाल काफी हद तक यह तय है कि आने वाले पांच सालों तक इस हाईवे की तस्वीर बदल सकती है।
क्या कहते हैं एक्सईएन…
एनएच विंग के एक्सईएन वीके अग्रवाल का कहना है कि सूरजपुर से यमुना पुल तक फोरलेन का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए टैंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि यह दूरी 6 किलोमीटर होगी। उनके मुताबिक शेष 51 किलोमीटर को फोरलेन करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।
Latest
- राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु 6 मई को केंद्रीय विवि के दीक्षांत समारोह में करेंगी शिरकत
- नाहन : बनोग में डिग्री कॉलेज के समीप जंगल में भड़की आग, काबू पाने का प्रयास जारी
- ऊना : स्टोन क्रशर उद्योग के कार्यालय में लाखों की चोरी, कर्मचारियों पर संदेह
- राजगढ़ : गिरी नदी में डूबा चंडीगढ़ का युवक, दोस्तों संग आया था घूमने
- YouTube से अश्लील वीडियो डिलीट करवाने की आड़ में बजुर्ग से लाखों की ठगी