एमबीएम न्यूज़ / पावंटा साहिब
आम जनता सहित अब भाजपा नेताओं ने भी मान लिया है कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस महामंत्री व शिलाई विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कही है। शिमला से अपने गृहक्षेत्र शिलाई लौटते वक्त हर्ष चौहान पांवटा साहिब में रात्री विश्राम के लिए रूके थे।
यहां पत्रकारो से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने वर्तमान सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार का पिछले 6 माह का कार्यकाल केवल ट्रांसफर करने में ही बीत गया। जिला सिरमौर सहित प्रदेशभर के अधिक्तर दूरदराज़ दुर्गम स्थानों पर स्कूलों और स्वास्थय केंद्रों में स्टाफ की कमी हो गई है। सैंकडों प्राथमिक पाठशालाओं पर ताले लटके हुए हैं। नई नौकरियों में पूर्ण विराम लग चुका है।
हर्षवर्धन चौहान ने वर्तमान जय राम सरकार को आडे हाथों लेते हुए कहा कि शिमला में पानी के लिए त्राहि त्राहि मचने के लिए केवल अनुभवहीन सरकार जिम्मेदार है। हालांकि राजधानी की पानी के लिए पुकार बहुत दूर तक गई परंतु प्रदेश के अधिकांश गांव आज भी पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। सरकार आम जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में बिल्कुल विफल रही है।
हिमाचल प्रदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुप्रसिद्ध पर्यटक स्थल था जबकि सरकार ने इस पर धब्बा लगा दिया है। वहीं भाजपा नेताओं के पूर्ण दबाव में काम कर रहा पुलिस प्रशासन निष्पक्ष काम नहीं कर पा रहा है। जिसके चलते जिला सिरमौर में भी द्वेष भावना से कांग्रेस जनों पर झूठे मामलों में फंसाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। पिछले 6 माह में करीब 125 डकैती, दुर्घटनाएं, रेप, मर्डर तथा महिलाओं के प्रति सघन अपराध हो चुके हैं।
जिसको रोकने में सरकार नाकाम साबित हुई है। दिन-प्रतिदिन प्रदेश में अपराध बढ रहा है परंतु पुलिस-प्रशासन भाजपा नेताओं की कठपुतली बना हुआ है। वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल को देखते हुए आम जनमानस सहित भाजपा नेता भी मान चुके हैं कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज़ नहीं है। जबकि जनता चाहती है कि सरकार निष्पक्ष होकर कार्य करे और उनकी अकांशाओं पर खरी उतरे।