• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 

Mandi news

जोगिंदर नगर में कार दुर्घटनाग्रस्त, एक ही परिवार के 4 जख्मी… 2 टांडा रैफर

May 17, 2022 by MBM News Network

जोगिंद्रनगर/लक्की शर्मा : मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंदरनगर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर मोहनघाटी के नजदीक कार हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसमें दो गंभीर घायल टांडा अस्पताल रैफर कर दिया गया हैं, जबकि अन्यों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा हैं।  

घायलों की पहचान नागण देवी, संतराम, दयानंद, सुनयना देवी निवासी गरोडू जोगिंदरनगर के रूप में हुई है। पुलिस थाना के प्रभारी प्रीतम जरियाल ने कार हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया हैं। हादसे के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही हैं। 

Filed Under: दुर्घटनाएं, मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

ये क्या ! पूरा होने से पहले ढह गया लाखों का डंगा, कई घरों को खतरा

May 17, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 17 मई : बल्ह हलके की गोडा गागल पंचायत के सिंहन गांव में निर्माण कार्य में बरती गई कोताही से लाखों रुपये का डंगा पूरा होने से पहले ही ढह गया है। इससे गांव के लिए घरों को खतरा पैदा हो गया है। प्री मानसून दस्तक देने को तैयार है। ऐसे में बारिश से यहां बड़ा हादसा पेश आ सकता है।

ग्रामीण कई दिनों से पंचायत प्रधान से क्षतिग्रस्त डंगे की मरम्मत करने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रधान उनकी एक भी सुनने को तैयार नहीं है। गांव के ज्यादातर घरों को जोड़ने व खेतों तक पहुंचने के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है। 

डंगा ढहने से संपर्क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। लोगों को अपने वाहन घर के बजाय सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं। संपर्क मार्ग पर परम देव की पशुशाला के समीप कुछ माह पहले भूस्खलन हो गया था। मार्ग का करीब 50 फीट हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया था। पंचायत प्रधान ने यहां करीब डेढ़ माह पहले डंगा लगाने का काम शुरु किया था। पत्थर व सीमेंट से लगाए गए 50 फीट लंबे व 18 फीट डंगे का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया था। पिछले दिनों हुई बारिश से डंगा बीच से ढह गया। इसके बाद प्रधान ने डंगे का काम बंद कर दिया। 

ग्रामीण मरम्मत कार्य के लिए गुहार लगाते रहे। थक हार के ग्रामीणों को बीडीओ बल्ह से शिकायत करनी पड़ी। ब्लाक से डंगें के लिए करीब 1.20 लाख रुपये की राशि जारी हो चुकी है। निर्माण कार्य पर करीब पांच लाख के आसपास खर्च हुआ है। ग्रामीणों ने बीडीओ बल्ह से डंगें का कार्य नए सिरे से करवा मामले की जांच की मांग की है। ग्राम पंचायत गोड़़ा गागल के प्रधाना रामानंद डोगरा से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने बताया कि डंगे के निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों ने वाहनों की आवाजाही शुरु कर दी। 

दूसरा पानी का रिसाव होने से डंगा क्षतिग्रस्त हो गया। बुधवार से मरम्मत कार्य शुरू किया जा रहा है। वहीं, खंड विकास अधिकारी बल्ह कुलवंत सिंह ने बताया कि उन्हें इस संदर्भ में ग्रामीणों की शिकायत मिली है। कनिष्ठ अभियंता को कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Filed Under: मंडी, मुख्य समाचार, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

नागरिक अस्पताल डैहर को मिली 108 एंबुलेंस की सौगात

May 17, 2022 by नितेश सैनी

सुंदरनगर,17 मई : हिमाचल प्रदेश सरकार सूबे के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ बनाने के लिए लगातार प्रगतिशील है। इसके तहत मंडी जिले के उप तहसील डैहर के लोगों की पिछले लंबे समय से चली आ रही 108 एंबुलेंस की मांग को आखिरकार प्रदेश सरकार द्वारा पूरा कर दिया गया है। 

इसी कड़ी में मंगलवार को सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक व प्रदेश भाजपा के महामंत्री राकेश जम्वाल ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेंद्र कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। 

वहीं इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल ने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों का कुशलक्षेम भी जाना। विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान लोग डैहर क्षेत्र के लिए 108 एंबुलेंस की मांग करते रहे। इसके लिए क्षेत्र के लोगों ने धरना प्रदर्शन कर भूख हड़ताल तक भी की लेकिन उसके बावजूद भी कांग्रेस के नेता क्षेत्र को एंबुलेंस की सौगात नहीं दे सके। 

उन्होंने कहा कि जैसे ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कमान संभाली तो डैहर अस्पताल को नागरिक अस्पताल का दर्जा दिया गया। इसके साथ ही अब क्षेत्र के लोगों को 108 एंबुलेंस की सौगात भी दी गई है। डेहर अस्पताल को सिविल अस्पताल का दर्जा देने और 108 एंबुलेंस की सौगात देने पर विधायक राकेश जम्वाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

Filed Under: मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

छोटी काशी मंडी में होगा राज्य स्तरीय देव ‘महाकुंभ’, पंजीकृत देवताओं को मिलेगा निमंत्रण

May 17, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 17 मई : हिमाचल प्रदेश में छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी में आने वाले समय में पहली बार देव महाकुंभ का आयोजन करवाया जाएगा। जिसमें मंडी ही नहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर, चंबा, लाहौल स्पीति सहित पूरे प्रदेश के प्रतिष्ठित देवी देवताओं को बुलाया जाएगा। मंगलवार को मंडी में सर्व देवता समिति की साधारण सभा की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने इस बारे में समिति के सुझाव मांगे हैं। 

उपायुक्त ने बताया कि यह अपनी तरह का पहला और अनूठा देव समागम होगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी देव परंपरा से जोड़ने और इसके संवर्धन में सहायता मिलेगी। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में सभी के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को मंडी में और भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने देव परंपराओं में युवाओं के घटते सहयोग पर भी चिंता जाहिर की।

उन्होंने कहा कि हमे यदि देव परंपराओं और संस्कृति को आगे ले जाना है तो इसमें युवाओं की सहभागिता होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शिवरात्रि महोत्सव को करवाने के लिए बहुत सी चुनौतियां आ सकती हैं, जिसके लिए देवता समितियों और आम जन को इसके समाधान के लिए मिलकर कार्य करना होगा।

  वहीं, साधारण सभा के बाद सर्व देवता समिति मंडी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि देव समाज के लिए जो कार्य प्रदेश के मौजूदा सीएम जयराम ठाकुर ने किए हैं वह आज तक कोई नहीं कर पाया। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सरकार के मुखिया का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार से शीघ्र ही सरकारी भूमि पर बने मंदिरों के बारे में भी सकारात्मक फैसले की उम्मीद जताई है।

शिवपाल शर्मा ने कहा कि डीसी ने छोटी काशी में प्रदेश स्तर का देव महाकुंभ करवाने का सुझाव दिया है जो कि एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार की इसमें सहमति बनती है, तो देव समाज इस कार्यक्रम को करवाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। साधारण बैठक में अधिकतर कारदारों ने भाग लिया और अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

Filed Under: धार्मिक, मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

मंडी के गौरव शर्मा व सीमा शर्मा ने शुरू की पहली हिमाचली चाय कंपनी

May 17, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 17 मई : कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारों कुछ इसी सोच के साथ चाय के बाजार में सुराख कर हिमाचल का नाम स्थापित करने के उद्देश्य से मंडी के युवक ने एक स्टार्टअप शुरू किया है। मंडी के युवा उद्यमी गौरव शर्मा और उनकी धर्मपत्नी सीमा शर्मा ने 6 प्रकार के चाय और कॉफी के उत्पाद लांच किये। ये उत्पाद हिमाचल कंस्यूमर प्रोडक्ट नाम की कंपनी के तहत गौरसी ब्रांड नेम के जरिये बेचे जाएंगे। राजमहल होटल में आधिकारिक रूप से इन्हे जनता के उपयोग के लिए लांच किया गया। 

गौरव शर्मा के पिता राजेश कुमार शर्मा, माता अंजना शर्मा ने इस मौके पर द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। गौरव ने बताया कि हिमाचल कंस्यूमर प्रोडक्ट एक (फास्ट मूविंग कंज्यूमर प्रोडक्ट्स) कंपनी है, जिसके तहत भविष्य में और भी हिमाचली उत्पाद बाजार में उतारे जाएंगे। फिलहाल कम्पनी ने 6 उत्पाद  उतारे हैं, जिनमे से 4 चाय के और 2 कॉफ़ी के हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल के कांगड़ा जिला में चाय का सबसे ज्यादा उत्पादन होता है। लेकिन कोई भी हिमाचली कंपनी उसे प्रोमोट नहीं करती, दुसरी बात हिमाचल में चाय और कॉफी के क्षेत्र में हिमाचली कंपनी नहीं थी। 

 उनका उद्देश्य है कि हिमाचल के नाम को चाय के क्षेत्र में देश दुनिया में फैलाएं। साथ ही इससे हिमाचल के युवाओं को रोजगार हासिल हो सकेगा। आपको बता दें कि कुछ ही दिनों में आपको हिमाचल का ये ब्रैंड बाजार में दिखना शुरू हो जाएगा। फ़िलहाल इसे ऑफलाइन बेचने का फैसला लिया गया है, और समय आने पर इसे ऑनलाइन भी बेचा जाएगा। कम्पनी की प्रोडक्शन यूनिट दिल्ली में है, जिसे भविष्य में हिमाचल शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है।

Filed Under: हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

नेहा कक्कड़ के पति रोहनप्रीत के बेशकीमती सामान चोरी मामले में बर्तन मांजने वाले गिरफ्तार

May 16, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 16 मई: हिमाचल प्रदेश में छोटी काशी के नाम से मशहूर मंडी शहर में बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ (Bollywood singer Neha Kakkar) के पति रोहनप्रीत सिंह का बेशकीमती सामान चोरी होने के मामले में खाकी को बड़ी कामयाबी मिली है।

होटल में बर्तन मांजने वाले दो कामगारों ने ही कमरे में घुसकर बेशकीमती सामान पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले फूलचंद व दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस केवल चोरी हुए सामान की रिकवरी पर केंद्रित है।
चोरी हुए सामान में एप्पल वॉच (apple watch), डायमंड रिंग (Diamond ring), आईपोड (iPod) इत्यादि के अलावा विदेशी करंसी भी थी। लगभग 30 हजार का कैश भी था, जिसमें विदेशी करंसी भी शामिल थी। प्रारंभिक जांच में ही पुलिस को इस बात का शक हो गया था कि चोरी की वारदात में होटल का स्टाफ भी संलिप्त हो सकता है।

पुलिस इस थ्यौरी पर भी आगे बढ़ रही है कि क्या इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं। गौरतलब है कि मंडी के एक नामी होटल में नेहा कक्कड के पति रोहनप्रीत सिंह तीन अन्य साथियों के साथ शुक्रवार की रात ठहरे थे। सुबह उन्हें अपना बेशकीमती सामान गायब मिला।

उधर, मंडी की एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने दो की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि पूछताछ की जा रही है। एसपी ने कहा कि एक-दो दिन में पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

Filed Under: फिल्मी दुनिया, मंडी, मनोरंजन, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

हिमाचल में HRTC बस की ब्रेक फेल, ड्राइवर की सूझबूझ से जाम हुए पहिए…

May 16, 2022 by नितेश सैनी

सुंदरनगर, 16 मई : सराज विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील छतरी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक की सूझबूझ से सवारियों को खरोंच तक नहीं आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (HP65-6122) मंडी से छतरी जा रही थी।

दुर्घटनाग्रस्त निगम की बस

इसी दौरान बस  की छतरी की अस्थाई सब्जी मंडी के नजदीक ब्रेक फेल (Break Fail) हो गई। स्थिति को भांपते हुए ड्राइवर ने सूझबूझ से बस को कंट्रोल किया। साथ एक जगह बस को टकरा कर रोक दिया। इस कारण हादसे में तमाम यात्री सुरक्षित बच गए। हादसे में मौके पर डागू राम पंडित के डंगें को नुकसान पहुंचा है।      

पुष्टि करते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम मंडी डिपो (Mandi Depot) के अड्डा प्रभारी शशिभूषण ने कहा कि मंडी से छतरी जाने वाले निगम की बस छतरी के समीप ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। दुर्घटना के दौरान बस के चालक द्वारा सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को कंट्रोल किया गया, जिस कारण एक बड़ा हादसा टल गया है। उन्होंने कहा कि बस में बैठी सभी सवारियां सुरक्षित हैं।

Filed Under: दुर्घटनाएं, मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

मंडी : बच्चों के लिए नहीं ग्राउंड…अपनी सुविधा के लिए हेलीपैड बनाने में व्यस्त सरकार

May 16, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 16 मई : हिमाचल प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में कुछ बेहतर करने में पूरी तरह से नाकाम रही है, जिसके चलते सोमवार को प्रदेश में शिक्षा का स्तर बहुत खराब हो गया है। प्रदेश के स्कूलों में ही नहीं, समूचे शिक्षा विभाग में रिक्तियां चल रही हैं।

सरकारी स्कूलों में दाखिले कम हुए, निजी स्कूलों में मारामारी और मनमानी चली हुई है। यह आरोप आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संतराम ने सोमवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ करने में नाकाम रही है।

संतराम ने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुखिया अपने गृह क्षेत्र सराज में स्कूलों के ग्राउंड या भवन बनाने के बजाए भारी मात्रा में हेलिपैड बनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार बनने के बाद से शिक्षा का निजी करण बढ़ा है, जो कि प्रदेश के बच्चों के भविष्य के साथ-साथ अभिभावकों के लिए भी आफत बनता जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के बेहतर और सुविधाजनक शिक्षा देने के दावों की पोल खुल चुकी है। संतराम ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार शिक्षा की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है, जो कि गलत है और सरकार की मंशा को दर्शाता है।

वहीं संतराम ने कहा कि शिक्षा का जो मॉडल आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में दिया है, उसका अनुसरण करने के लिए विदेशों से भी डेलिगेट आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आप के लिए बेहतर और सुविधाजनक शिक्षा आने वाली पिढ़ी को देना ही प्राथमिकता है। संतराम ने बताया कि पूरे भारत में आने वाले समय में दिल्ली मॉडल के तहत बच्चों को गुणात्मक और निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी ताकि देश का भविष्य उज्ज्वल बन सके। 

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा की मौजूदा ग्राउंड रिपोर्ट जानने के लिए 17 मई को शिमला में दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया बच्चों व अभिभावकों से शिक्षा संवाद करेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान सदर अध्यक्ष जसप्रीत सिंह, विभा गुलेरिया व देशमित्र भी मौजूद रहे।

Filed Under: मंडी, राजनैतिक, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

मंडी में जारी है तीन दिवसीय कला महोत्सव, प्रदेश भर के कलाकार ले रहे हैं कार्यक्रम में भाग

May 16, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 16 मई : हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान रंगमंडल एवं नाट्य अकादमी स्तोहल मंडी में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश व हिमाचल कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी के सहयोग से आयोजित किए जा रहे उत्सव में प्रदेश भर के कलाकर एक से बढ़कर एक अभिनय कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं। 

तीन दिवसीय महोत्सव में दूसरे दिन दो नाटकों का मंचन किया गया। पहला नाटक रूसी लेखक चेक्नोव आनोथ की कहानी “बर्थ डे प्रेज़ेंट“ पर आधारित था, तथा दूसरा एक हास्य नाटक था “आदाब अर्ज़ है” जो लेखक मोऊलेर की कहानी से प्रेरित था। इस अवसर पर रोटरी क्लब के प्रधान मुनीश सूद बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। रोटरी क्लब मंडी और रोटरी क्लब सुंदरनगर के सदस्यों ने इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज की और दोनों नाटकों का भरपूर लुत्फ़ उठाया।

हिमाचल सांस्कृतिक शोध संस्थान रंगमंडल एवं नाट्य अकादमी के चेयरमेन सुरेश शर्मा ने सभी उपस्थिति मेहमानों का स्वागत किया। अपने संबोधन में रोटरी क्लब मंडी के प्रधान मुनीश सूद ने कहा कि आज लोग टीवी और मोबाइल के चलते रंगमंच से बहुत दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा के भविष्य में रोटरी क्लब ये कोशिश रखेगा कि किसी भी तरीक़े से रंगमंच से जुड़ी गतिविधियों में अपना योगदान देता रहे।

इस अवसर पर रोटरी क्लब सुंदर नगर के प्रधान अमित कौशल ने भी रमगमंच से लोगों को जुड़े रहने की अपील की। संस्थान की सचिव सीमा शर्मा ने बताया के ये वर्ष उनके संस्थान का सिल्वर जुबली वर्ष है, और इसे वो इस वर्ष को रंगमंच से जुड़े हर कलाकार को समर्पित करती है।

Filed Under: मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

जल शक्ति मंत्री ने करसोग में किए 12 करोड़ के उद्घाटन व शिलान्यास

May 15, 2022 by विरेंद्र भारद्वाज

मंडी, 15 मई : जल शक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने रविवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने पैनी खड्ड से चवासीगढ़ उठाऊ पेयजल योजना की आधारशिला रखी। 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस योजना से ग्राम पंचायत महोग, कुठार,पोखी और नाहवी धार बाग की करीब 6 हजार की आबादी को लाभ होगा। 

मंत्री ने महोग में 34 लाख रुपये से निर्मित वन विभाग के विश्राम गृह का उद्घाटन और बागवानी विस्तार केन्द्र महोग का शुभारंभ किया। उन्होंने 73.64 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पेयजल योजना शकाहल का शिलान्यास भी किया। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार प्रदेश में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।

प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए एशियन विकास बैंक की मदद से 2200 करोड़ रुपये की एक बड़ी परियोजना का काम चल रहा है। उन्होंने करसोग मंडल के वन अधिकारियों को यहां के लिए मास्टर प्लान बनाने को कहा ताकि उसे एशियन विकास बैंक परियोजना में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि करसोग का क्षेत्र सुन्दर वनों से आच्छादित है, यहां इको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। 

पोखी पटवार भवन को 12 लाख

उन्होंने बाग क्षेत्र में नया पटवार सर्किल खोलने की लोगों की मांग पर गंभीरता पूर्वक विचार करने और मापदंड पर ठीक पाए जाने पर शीघ्र इस संबंध में निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मंत्री ने पोखी पटवार भवन के लिए 12 लाख रुपये और मेला मैदान में स्टेज निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे इस मेले को जिला स्तर का दर्जा दिलाने की जनता की मांग से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे। उन्होंने मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों को 25 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। 

करसोग नगर पंचायत को सीवरेज और पेयजल के लिए 80 करोड़

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि सीवरेज और पेयजल योजना के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शीघ्र ही इसका कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, नावही धार,पोखी और बैहली के लिए बफर स्टोरेज योजना के तहत 3.10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में बागवानी विकास के लिए 1100 करोड़ रुपये की परियोजना के काम किए जा रहे हैं। विश्व बैंक पोषित इस परियोजना से  सेब की खेती में लगे बागवानों को लाभ मिलेगा।

जन कल्याण को समर्पित जय राम सरकार

महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार ने बेसहारा पशुओं को आश्रय प्रदान करने के के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गौ अभयारण्यों और गौ सदनों में प्रति मवेशी प्रतिमाह 500 रुपये प्रदान किए जा रहे थे जिसे वर्ष 2022-23 के बजट में बढ़ाकर 700 प्रतिमाह प्रति मवेशी किया गया है।

करसोग विस क्षेत्र को विकास का आदर्श बनाना ध्येय – हीरालाल

हीरा लाल ने कहा कि जय राम सरकार गरीबों की हितैषी है। मुख्यमंत्री ने दैनिक दिहाड़ीदारों की दिहाड़ी को 50 रुपये प्रतिदिन बढ़ाकर 350 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में भी वृद्धि की गई है। इसके अतिरिक्त शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के मानदेय में भी काफी वृद्धि की गई। विधायक ने मेले में साँस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए कलाकारों को 10 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर मुख्य अभियन्ता जलशक्ति धर्मेद्र गिल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष कुंदन लाल ठाकुर, बीडीसी चेयरमैन भास्करानन्द ,जिला परिषद  सदस्य चेतन गुलेरिया ,तहसीलदार राजेंद्र ठाकुर,डीएफओ केवी नेगी, पंचायत प्रधान  मीना,बहादुर सिंह, प्रकाश,पदम तथा मेला कमेटी अध्यक्ष मोहन ठाकुर, पार्टी पदाधिकारी एवं सदस्य,पंचायती राज  संस्थान के पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Filed Under: मंडी, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Himachal News In Hindi, Mandi news

  • Go to page 1
  • Go to page 2
  • Go to page 3
  • Interim pages omitted …
  • Go to page 189
  • Go to Next Page »

Copyright © 2022