मंडी (एमबीएम न्यूज़) : शहर के साथ लगती कांगणी धार में 16 करोड़ की लागत से बनने जा रहे देव सदन के भीतर एक विशाल हाल का निर्माण किया जायेगा जिसे वर्ष भर इंडोर स्टेडियम के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। ताकि वर्ष भर देव सदन का इस्तेमाल हो सके और खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए भी बेहतर स्थान मिल सके। यह जानकारी ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने शनिवार को दी।
अनिल शर्मा मंडी के टेबल टेनिस हाल में प्रथम राज्य रेंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए बोल रहे थे। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों से आये प्रतिभागियों ने भाग लिया। रेंकिंग प्रतियोगिता बेबी गर्ल से लेकर मैन्स ओपन विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बेबी गर्ल में मंडी की भवप्रिता ने सिरमौर की पवनी को हराया, बेबी बायज में सिरमौर के नमन भटनागर ने सोलन के बरदान को हराया, केडेट गर्ल में कांगड़ा की भाग्या ने मंडी को भवप्रिता को हरारा, केडेट बाय में सिरमौर के नमन ने मंडी के ऋत्विक को हराया, सब जूनियर गर्ल सिंगल में कांगड़ा की साक्षी ने मंडी की कुमकुम को हराया, सब जूनियर बायज में कांगड़ा के अंशुल ने सोलन के अरूण चौहान को हराया, जूनियर गर्ल में कांगड़ा की सुरभि ने सोलन की धृति को हराया, जूनियर बायज में सिरमौर के मेहल ने शिमला के कर्तव्य को हराया, यूथ गर्ल्स में कांगड़ा की साक्षी ने मंडी की आरूषि को हराया, यूथ बायज में सिरमौर के मेहुल ने शिमला के कर्तव्य को हराया, बूमेन सिंगल में कांगड़ा की सुरभि ने सोलन की साक्षी जरियाल को हराया, मेन्स सिंगल में शिमला के आदिश राणा ने सोलन के माधव सिंह को हराया।
मुख्य अतिथि ने सभी विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और बाकी खिलाडि़यों से भविष्य में और मेहनत करने का आहवान किया। अपने संबोधन में अनिल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह से प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि देव सदन के पास जो इंडोर स्टेडियम बनाया जायेगा वहां पर खिलाडि़यों के रहने खाने की सभी सुविधाएं मौजूद होंगी। उन्होंने बताया कि इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिये गये हैं और जल्द ही इसे अम्लीजामा पहना दिया जायेगा।