देहरादून, 28 अप्रैल : इस वर्ष भारत वर्ष में चौतरफा खुशहाली का माहौल रहेगा। इसका धोतक बद्रीनाथ (Badrinath) के कपाट खुलने के बाद सामने आया है। भगवान बद्रीनाथ के कपाट खुलने के बाद धाम में एक ‘चमत्कार’ हुआ है, जिसे तीर्थ पुरोहित देश के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।
वृष लग्न में सुबह 7.10 बजे बर्फ की फुहारों और पुष्प वर्षा के बीच बद्रीनाथ धाम के कपाट खुले। लेकिन कपाट खुलने के बाद कुछ ऐसा हुआ जो चमत्कार से कम नहीं था। कपाट खुलने के बाद देखा तो भगवान बद्रीनाथ को ओढ़ाए गए घृत कंबल पर इस बार भी घी ताजा मिला।
बद्रीनाथ के धर्माधिकारी राधा कृष्ण थपलियाल के अनुसार घृत कंबल पर घी ताजा मिलने का अभिप्राय है कि देश में खुशहाली बनी रहेगी। बता दें कि बीते साल भी कंबल पर लगा घी ताजा था। भारी बर्फबारी के बाद ठंड होने के बाद भी अगर घी नहीं सूखता तो ये चमत्कार किसी से कम नहीं है। धार्मिक परंपराओं के अनुसार कपाट बंद होने पर भगवान बद्रीनाथ को घी में लिपटा कंबल ओढ़ाया जाता है।
शीतकाल के बाद जब कपाट खोले जाते हैं तो सबसे पहले घी में लिपटे इस कंबल को हटाया जाता है। अगर कंबल का घी अधिक नहीं सूखा है तो उस साल देश में खुशहाली रहेगी। अगर कंबल का घी सूख गया या कम हो गया तो उस साल देश में सूखा या अत्यधिक बारिश की आशंका रहती है।