सोलन (एमबीएम न्यूज़) : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा.धनीराम शांडिल ने कहा कि विश्व शांति एवं आपसी सौहार्द कायम करने में विभिन्न धर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि धर्म के दिखाए सदमार्ग का अनुसरण करें। डा. शांडिल रविवार को सोलन जिले के नगाली में बाबा अमरदेव जी महाराज की सद्भावना यात्रा का स्वागत करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
बाबा अमरदेव जी महाराज 84 कोस की पैदल यात्रा करने के उपरांत आज रथयात्रा के माध्यम से पंचकूला से नगाली पहुंचे। वे आमजन के सहयोग एवं श्रमदान से कंडाघाट उपमंडल के अलझो में रामलोक मंदिर का निर्माण करवा रहे हैं। इस मंदिर के लिए पूर्व में राम परिवार की मूर्तियां लाई गई थीं। इनकी प्राण प्रतिष्ठा का कार्य 4 फरवरी, 2016 तक चलेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि धर्म मनुष्य को सदाचार के मार्ग पर चलने की दिशा में प्रेरित करता है। वैज्ञानिक तत्थों से भी यह सिद्ध हुआ है कि सतकर्म एवं सदमार्ग के प्रभाव से वातावरण में सकारात्मक दृष्टिकोण निर्मित होता है जोकि समावेशी विकास की दृष्टि से लाभदायक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि है तथा यहां की जनता का देवी-देवताओं में अटूट विश्वास है। प्रदेश को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विश्वभर में जाना जाता है।