शिमला (एमबीएम न्यूज) : हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कल्याण सिंह एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल कल्याण सिंह ने कहा कि हमारी विविधता हमारी ताकत है और हमें एकजुट होकर देश में साम्प्रदायिक सदभाव एवं एकता की भावना सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि रमजान का नेक महीना दान, रोजा एवं प्रार्थनाओं के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर हम सभी को मिलकर समाज की सेवा करने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस मौके पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पवित्र रमजान माह के समापन पर ईद-उल-फितर प्रसन्नता का संदेश लेकर आता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उत्सव देश व प्रदेश में शांति और भाईचारे की भावना को और सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।