मंडी (वी कुमार) : बुधवार को पार्टी के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मंडी पहुंचे हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि संगठन को और ज्यादा मजबूत करने के लिए आक्रमकता लाई जाएगी। उन्होंने इस बात के संकेत भी दिए कि संगठन में बहुत जल्द बड़ा फेरबदल हो सकता है। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाया जा सकता है और उनके स्थान पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका दिया जा सकता है।
सुखविंदर सिंह ठाकुर ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे प्रदेश के 50 हजार कार्यकर्ताओं को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र पर एमएलए और अन्य पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं को जागरूक करने का लक्ष्य दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और ऐसे में कांग्रेस पार्टी ने अभी से ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों का प्रचार करने को कहा गया है, ताकि घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों और भाजपा की जनविरोधी नीतियों के बार में बताया जा सके।
इस समारोह में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के साथ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।