सुंदरनगर (नितेश सैनी) : राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हिमाचल प्रदेश के मुख्य संगठक दीपक राठौर ने पंचायती राज संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन हर जिले में प्रशिक्षिण शिविर लगाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान सुंदरनगर में दीपक राठौर ने कहा कि 73वां 74वां संविधान संशोधन को लागू किया जाए, जिससे पंचायती राज प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
सत्ता में विकेंद्रीयकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने सत्ता में आते ही 14वें वित्ता आयोग में पंचायती राज को पंगू करने के लिए थ्री-टायर पंचायती राज सिस्टम के दो टायरों को पंचर करने का काम किया है। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के शक्तियों को छीनने के सिवाये कुछ नहीं किया।
वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव हीरा पाल ठाकुर ने कहा कि जहां तक इस मुद्दे पर प्रदेश के पूर्व मुख़्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा जिला परिषद सदस्य व पंचायत समिति सदस्य की शक्तियों के बारे में प्रदेश सरकार पर जो आरोप लगा रहे हैं उस पर रतिभर भी सच्चाई नहीं है। यह विषय तो केंद्र सरकार के अधीन है। राजीव गांधी पंचायती राज के जिला कमेटी के मुख्य सदस्य ब्रह्मदास ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए दिन रात मेहनत की जाएगी और लोगों को घर-घर, गांव-गांव जाकर पंचायत की शक्तियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ढावन वार्ड जगदीश नायक भी उपस्थित थे।