मंडी (वी.कुमार) : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल के प्रभारी संजय सिंह ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी 2017 में हिमाचल प्रदेश में सिर्फ चुनाव ही नहीं लड़ेगी बल्कि चुनाव लड़कर सरकार भी बनायेगी। यह बात उन्होंने मंगलवार को सुंदरनगर में पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कही। मंगलवार को सुंदरनगर में हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, संयोजकों और प्रभारियों के सम्मेलन का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में सैंकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने विधानसभा वाईज संगठन की मजबूती की समीक्षा की। अधिकतर विधानसभा क्षेत्र ऐसे थे जहां से बहुत ही कम संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस सम्मेलन में पहुंचे थे। इस बात पर संजय सिंह ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और भविष्य में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने उपस्थिति सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से प्रदेश में संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का आहवान किया।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में संगठन मजबूत होगा तो कोई भी ताकत पार्टी को प्रदेश में सरकार बनाने से नहीं रोक सकती। संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में भारी बहुमत के बाद अब पार्टी पंजाब में विधानसभा का चुनाव लड़ेगी और उसके बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ा जायेगा। संजय सिंह ने साफ किया कि पार्टी का इन दो प्रदेशों के अलावा और कहीं पर भी विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है। संजय सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों में आम आदमी पार्टी को लेकर भारी उत्साह है और प्रदेश में अगले साल आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी सिर्फ चुनाव ही नहीं लड़ेगी बल्कि चुनाव लड़कर सरकार भी बनायेगी।