नाहन (एमबीएम न्यूज): शिलाई भाजपा मंडल ने रविवार को पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया। इस दौरान हाल ही के चुनाव में उन निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मान दिया गया, जो भाजपा की विचारधारा से जुड़े हुए हैं। इस दौरान 32 पंचायतों के प्रधानों-उप प्रधानों को सम्मानित किया गया। जबकि बीडीसी के 10 सदस्य भी सम्मानित किए गए। इस अवसर पर अपने संबोधन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने मुख़्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर भ्रष्टाचार से जुड़े संगीन मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि सीबीआई व ईडी की छापेमारी के बाद खुद मुख़्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि वह हरेक मंडल में जाकर पंचायत प्रतिनिधियों से मिल रहे हैं, क्योंकि पंचायतें ही लोकतंत्र की रीढ़ हैं। इस दौरान शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कांग्रेस सरकार पर ट्रांसगिरि को जनजातीय दर्जा दिलवाने में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने स्तर पर इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठा रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार रिपोर्ट नहीं भेज रही है। शिलाई के विधायक बलदेव तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 में भाजपा सत्ता में वापसी करने जा रही है। उसी सूरत में इस निर्वाचन क्षेत्र के विकास कार्यों में रफ़्तार आएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस पिछड़े क्षेत्र के तमाम विकास कार्यों को ठप करके रख दिया है।