मंडी : आईपीएच एवं बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने उन्हें मिले सर्वश्रेष्ठ मंत्री के पुरस्कार का श्रेय सीएम जयराम ठाकुर के मार्गदर्शन और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्यार को दिया है। अवार्ड लेने के बाद अपने गृह विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर पहुंचे महेंद्र सिंह ठाकुर ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर का जो मार्गदर्शन उन्हें मिल रहा है उससे न सिर्फ धर्मपुर क्षेत्र का विकास हो रहा है बल्कि पूरे प्रदेश के विकास पर फोक्स किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र की जनता इसके लिए बधाई की पात्र है जो उन्होंने लगातार सात बार उन्हें चुनकर विधानसभा में भेजा और सेवा का मौका दिया। बता दें कि हाल ही में दिल्ली में एक नीजि संस्था ने महेंद्र सिंह ठाकुर को देश भर में सर्वश्रेष्ठ कैबिनेट मंत्री आंकते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया है। महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि इस वक्त प्रदेश में आईपीएच और बागवानी विभागों में केंद्र और विदेशों से सर्वाधिक धन लाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी तक इन दोनों विभागों को 12 हजार करोड़ की राशि प्रदेश के विकास कार्यों के लिए प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि शिवा प्रोजेक्ट, पीने के पानी की नई योजनाएं, रेनोवेशन और बागवानी सहित अन्य बड़े प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार से माकूल धन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी केंद्र सरकार प्रदेश के विकास में इसी तरह से अपना योगदान देती रहेगी। धर्मपुर क्षेत्र में आज उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जनता की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका समाधान भी किया।