कुल्लू: उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चकुरठा के गांव दलयाड़ा व फगवाना में तेंदुए ने आतंक मचा रखा है। पिछले कई महीनों से यहां पूरे क्षेत्र में दो तेंदुए बेखौफ घूम रहे हैं। तेंदुए ने लोगों के मवेशियों को अपना ग्रास बनाया हुआ है। रात को लोगों के घरों में घुसकर पालतू कुतों को अपना निवाला बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में अब यह तेंदुए दिन को भी चरागाहों में तबाही मचाने लगे हैं। आठ मवेशियों को अपना शिकार बनाया है। ग्रामीणों ने बताया कि दलयाड़ा गांव के बिहारी लाल की छह भेड़ों, एक बैल व एक गाय को एक दिन में ही मार गिराया।
बिहारी लाल के बेटे पुरषोत्तम शर्मा ने बताया कि उनके मवेशी घर के समीप खेतों में घास चर रहे थे। अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया और छह भेड़ों सहित आठ मवेशी मार डाले। उन्होंने बताया कि सभी भेड़ों को मार कर तेंदुआ कहीं छुप गया है। जबकि गाय व बैल के शवों को वहीं खेत में ही छोड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना फगवाना मिडल स्कूल के समीप घटी जहां करीब 250 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया तो यह तेंदुए स्कूल में भी हमला कर सकते हैं और बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
उधर ग्रामीणों ने बताया कि इन तेंदुओं ने क्षेत्र में आतंक मचा रखा है। पूरे क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे हैं। जिस कारण क्षेत्र में खौफ का माहौल है। रात को तो एक गांव से दूसरे गांव जाना मुश्किल हो गया है। जबकि बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकाला जा रहा है। यही नहीं, बच्चों को स्कूल भी अकेले भेजने से भय लग रहा है। इससे पहले क्षेत्र में यह तेंदुए करीब दो दर्जन कुतों को अपना ग्रास बना चुके हैं। लोगों ने विभाग व प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र इन तेंदुओं को पकड़ा जाए।