रिकांगपिओ : बारंग गांव में दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड में एक बुजुर्ग की झुलसने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारंग पंचायत में रात करीब साढ़े 10 बजे आग लगने की घटना का मामला सामने आया है। जिसमे एक व्यक्ति के आग में झुलसने से मौत हो गई है। घटना में मृतक का नाम हुकुम सेन 80 वर्षीय बताया गया है।
एसडीएम कल्पा डॉ. मेजर अविन्दर शर्मा ने बताया कि बारंग गाँव में अग्निकांड में दो मंजिला मकान जल गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। अग्निकांड में नुकसान का प्रारंभिक अनुमान 8 लाख से भी अधिक का बताया जा रहा है। घटना के वक्त मकान में बुजुर्ग हुकुम सैन अकेले थे। मृतक को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ले जाया गया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 20 हज़ार की फौरी राहत दी गई है। अग्निकांड में लगभग मकान के अंदर का सारा कीमती सामान जलकर राख हो गया है। आग को बुझाने में ग्रामीणों ने भी भरसक प्रयास किया।