शिमला (एमबीएम न्यूज) : तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के प्रशासनिक ब्लाक के निर्माण कार्य का मसला आज प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश विधानसभा में उठा। भाजपा के विजय अग्निहोत्री के सवाल के जवाब में तकनीकी शिक्षा मंत्री जीएस बाली की अनुपस्थिति में संसदीय कार्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हमीरपुर में तकनीकी विवि के प्रशासनिक ब्लॉक का शिलान्यास 1 सितंबर 2011 को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किया था।
उन्होंने कहा कि इस विवि के निर्माण के लिए सरकार ने 8.1 करोड़ की राशि मंजूर की थी। जिसमें 5.61 करोड़ की राशि विवि को दी गई है, लेकिन विवि ने अपने पर्याप्त संसाधन होने के कारण 3.34 करोड़ की राशि सरकार को वापिस लौटा दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण कार्य पहले पीडब्लयूडी को सौंपने का फैसला लिया गया था, लेकिन यूजर चार्ज अधिक होने की वजह से यह कार्य सीपीडब्लयूडी को सौंपा गया।
मंत्री ने बताया कि तकनीकी विवि के दो प्रशासनिक ब्लॉक 40 करोड़ में बनने हैं तथा दोनों ब्लॉकों का कार्य शुरू हो गया है। भाजपा के नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार तकनीकी विवि को लेकर सरकार गंभीर नहीं है और इसे ठण्डे बस्ते में डाला जा रहा है। जिस पर मंत्री बोले कि यह भावनात्मक मसला नहीं है। तकनीकी विवि प्रशासन के पास अपने संसाधनों से 50 करोड़ उपलब्ध हैं और निर्माण कार्य जल्द करवाया जाएगा।