नाहन (एमबीएम न्यूज) : प्रदेश के नामी शैक्षणिक संस्थान हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफैशनल इंस्टीटयूशनस के एकाउंटेंट रहे संदीप कुमार पुत्र रमेश चंद निवासी यमुनानगर पर संस्थान के 13 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगा है। इस राशि को हड़पने के लिए संदीप कुमार ने एक खास तरीका अपनाया था।
वर्ष 2014 में रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करके अपनी पत्नी सुमन देवी के नाम पर भी वेतन डालना शुरू कर दिया। यानि डबल वेतन हासिल करने लगा। दिलचस्प यह है कि एकाउंटेंट साहब की पत्नी कॉलेज में न तो स्टुडेंट थी, न ही कर्मचारी। इस तरीके को लंबे समय तक जारी रखा गया। इस मॉडस ऑफ ऑपरेंडी से संदीप कुमार ने संस्थान को 13 लाख रुपए का चूना लगा दिया। अब मामला संस्थान के संज्ञान में आया तो गफलत का खुलासा हुआ।
संस्थान ने अब पुलिस से पति-पत्नी से पूछताछ करने का आग्रह किया है। सबूत के तौर पर बैंक स्टेटमेंट को भी संलग्र किया गया है। पुलिस ने संस्थान के निदेशक विकास बंसल की शिकायत पर धोखाधड़ी व षडयंत्र रचने के आरोप में आईपीसी की धारा-420, 467, 468, 471 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।