शिमला (एमबीएम न्यूज़) : ज़िले के रामपुर उपमंडल के दूरदराज काशापाट् पंचायत के पूना दोगरी मार्ग में चट्टान टूटने से चार नेपाली मज़दूर दब गए। अंधेरा और विकट परिस्थिति होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन भी नही हो पाया है। पुलिस और रेस्क्यू दल को घटनास्थल से वापिस होना पड़ा। सुबह होते ही रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। चट्टानों के नीचे दबने वालो में चट्टानों को होल करने वाली मशीन आरओसी के चालक अजय (38), कुक राम बहादुर (40), लोकेंद्र व् हरेंद्र (22) शामिल हैं।
चारो नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। मौके पर तैनात लोक निर्माण विभाग के कनिष्ट अभियंता ने बताया पूना से काशा पाट के लिए सम्पर्क मार्ग निर्माण का कार्य चला हुआ है। बुधवार करीब साढ़े चार बजे सायं पोकलेन मशीन से मार्ग निर्माण में निकले मलबे को साफ़ करने के बाद चारो मज़दूर मौका देखने निकले ,इसी बीच पहाड़ी से चट्टान टूट कर नीचे आ गिरी और मज़दूर चट्टान की चपेट में आ गए। घटना के बाद अन्य मज़दूरों और लोगो ने रेस्क्यू का प्रयास किया, लेकिन चट्टानों के गिरने का खतरा होने के कारण रेस्क्यू नही हो सका। तकलेच पुलिस चौकी से मौके पर पुलिस पहुँची है, लेकिन अंधेरा होने के कारण आगे की कोई कार्रवाई नही हो पाई है।
उल्लेखनीय है कि बीते हफ्ते ही रामपुर के विधायक ने काशा पाट मार्ग पर पूना दोगरी तक बस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। मार्च तक मार्ग को पंचायत मुख्यालय पाट पहुचाने का लक्ष्य रखा था। सड़क निर्माण ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा है। अब रेस्क्यू वीरवार सुबह शुरू किया जाएगा।