मंडी, 18 मई : हिमाचल प्रदेश स्टेट विजिलेंस व एंटी क्रप्शन ब्यूरो की टीम ने मंडी जनपद के दुर्गम इलाके में अफीम के जंगल का पर्दाफाश किया है। गोपनीय सूचना के आधार पर दबिश में विजिलेंस की टीम ने अफीम के 17,106 पौधे बरामद किए। परढंग के दुर्गम क्षेत्र चौहार थाटी के गढगांव में अवैध तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी।
वन विभाग की भूमि में तकरीबन 13 खेतों में अफीम के पौधे उगाए गए थे। लिहाजा, सीधे तौर पर किसी के खिलाफ मुकद्मा नहीं हुआ है। जानकार बताते हैं कि 17 हजार पौधों से बड़ी मात्रा में अफीम की पैदावार करने की तैयारी थी, जिसकी कीमत बाजार में करोड़ों रुपए हो सकती थी।
जानकारी के मुताबिक मौके पर ही पौधों को नष्ट कर दिया गया। घटनास्थल पर हलके के पटवारी को तलब किया गया। राजस्व रिकॉर्ड में इस बात का खुलासा हो गया कि अवैध रूप से खेती वाली भूमि वन विभाग की मलकियत है। विजिलेंस ने मंडी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विजिलेंस के प्रवक्ता ने पुष्टि की है।
@A1