शिमला (एमबीएम न्यूज): प्रदेश की राजधानी में नववर्ष मनाने के लिए पर्यटकों का सैलाब उमड़ आया था। इसी से जुड़े आंकड़े अब सामने आए हैं। 31 दिसंबर की शाम 5 बजे से एक जनवरी को परवाणु बैरियर से 32 हजार वाहन गुजरे। इसमें से 27 हजार वाहनों ने पहाड़ों की रानी में प्रवेश किया।
इस अवधि के दौरान राजधानी के मालरोड क्षेत्र में लगभग 25 हजार सैलानी मौजूद थे, जबकि समूचे शहर में सैलानियों की संख्या 65 हजार थी। यह आंकड़े एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने अलग-अलग स्त्रोतों से जुटाकर साझा किए हैं। सैलानियों के उमड़े जनसैलाब के बावजूद पुलिस जबरदस्त तरीके से स्थिति को नियंत्रित करने में सफल रही थी।
राजधानी में एक भी मामला हुडदंग या अन्य आपराधिक घटना का दर्ज नहीं हुआ। उत्तर भारत के होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद ने कहा है कि पर्यटकों के जनसैलाब को नियंत्रित करने में पुलिस की कार्यशैली प्रशंसनीय है। इसमें ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था भी शामिल है।