धर्मशाला (एमबीएम न्यूज़) : भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नगरोटा बगवां के मस्सल में 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजीव गांधी इंजीनियरिंग कालेज के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। परियोजना की कुल लागत 150 करोड़ रुपये होगी। भवन का निर्माण डेढ़ वर्ष से भी कम समय में किया गया। उन्होंने मस्सल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 12.5 फुट कांस्य प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा राज्य युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह भी इस अवसर पर राहुल गांधी के साथ थे। परिवहन एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया तथा राज्य के लोगों को इंजीनियरिंग कालेज समर्पित करने के लिए बहुमूल्य समय निकालने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।