हमीरपुर (एमबीएम न्यूज़) : जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर कुनाणा गांव में दोपहर को टिप्पर गहरी खाई में गिरने से 2 की मौत हो गई है, जबकि 2 घायल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार टिप्पर नं. एच.पी. 67-5267 हमीरपुर से कुनाह गांव की ओर जा रहे थे, जोकि 700 फुट नीचे जा गिरा। टिप्पर चालक राज कुमार (38) व उसकी धर्मपत्नी वीना देवी (34) ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि इनके दोनों बच्चे वंशु व कोमल गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां वंशु की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर की दिया गया है, जबकि कोमल को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक वंशु की हालत गंभीर बनी हुई थी। जिला पुलिस अधीक्षक अजय बौध ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
दुर्घटना के कारणों की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक उसी गांव के रहने वाले थे। इस घटना का समाचार मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक चालक अमनदीप शर्मा पुत्र शालीग्राम के यहां नौकरी करता था।